भारत का ये शहर बनेगा आंध्र प्रदेश राज्य की नई राजधानी, जानें इसमें ऐसा क्या है खास

भारत में आंध्र प्रदेश राज्य की नई राजधानी विशाखापत्तम होगी। मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने मंगलवार को इसका ऐलान किया। राज्य की राजधानी बनने की रेस में कुरनूल और अमरावती भी थे लेकिन सरकार ने विशाखापत्तनम या विजाग को चुना। विदेश में बसे बहुत से भारतीय प्रवासियों की जड़ें इस राज्य में हैं। आइए बताते हैं सरकार के इस फैसले के पीछे क्या वजहें हो सकती हैं।

भारत की राजधानी दिल्ली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आंध्र के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने कहा कि मैं आप सभी को विशाखापत्तनम आमंत्रित करने आया हूं जो कि आने वाले दिनों में हमारी राजधानी बनने जा रही है। मैं भी आने वाले महीनों में विशाखापत्तनम शिफ्ट हो जाऊंगा। उन्होंने कहा कि हम 3 और 4 मार्च को विशाखापत्तनम में एक वैश्विक शिखर सम्मेलन का आयोजन करने जा रहे हैं। रेड्डी ने विदेशी और घरेलू निवेशकों से आग्रह किया कि वे आंध्र प्रदेश में आएं और देखें कि वहां व्यापार करना कितना आसान है।