आव्रजन नीति पर बाइडेन की ये अपील कांग्रेस ने मान ली तो प्रवासियों की आ जाएगी मौज
अमेरिका तक पहुंचने में परेशानियों का सामना करने वाले प्रवासियों के लिए राष्ट्रपति जो बाइडेन ने खुद आवाज उठाई है। अपने दूसरे स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन में राष्ट्रपति बाइडेन ने संसद से आव्रजन नीतियों में समग्र सुधार की मांग की है।
We must be the nation we’ve always been at our best.
— President Biden (@POTUS) February 8, 2023
Optimistic. Hopeful. Forward-looking.
It’s time to finish the job. pic.twitter.com/dyHp49G2cd
अगर ये प्रस्ताव पारित हुआ तो अमेरिका में न सिर्फ गैरकानूनी तरीके से आने वाले प्रवासियों को बल्कि एच1बी वीजा जैसे कानूनी रास्ते अपनाने वालों के लिए भी नागरिकता का नया रास्ता खुल सकता है। हालांकि ऐसा करना आसान नहीं है क्योंकि प्रतिनिधि सभा में रिपब्लिकन का वर्चस्व है। बाइडेन ने भी खुद इसे स्वीकार किया है।
118वीं कांग्रेस की संयुक्त सत्र से पहले अपने संबोधन में राष्ट्रपति बाइडेन ने कहा कि आप मेरे व्यापक आव्रजन सुधार नीतियों को पारित करें। अगर ऐसा नहीं कर पाते तो कम से कम सीमा की सुरक्षा के लिए उपकरण और अधिकारी प्रदान करने की मेरी योजना को तो पारित कर दिया जाए।
डेमोक्रेटिक सांसदों की तालियों की गड़गड़ाहट के बीच राष्ट्रपति ने कहा कि जनता के इस सदन में हमारा कर्तव्य है कि हम सभी लोगों के अधिकारों और स्वतंत्रता की रक्षा करें। नागरिकता का ख्वाब देखने वालों (ड्रीमर्स) के सपने साकार करें चाहे वो अस्थायी रूप से रह रहे हों, खेतों में काम कर रहे हों या आवश्यक सेवाएं प्रदान करने में जुटे हों।
बता दें कि ड्रीमर्स उन अनिर्दिष्ट आप्रवासी बच्चों को कहा जाता है जो अपने माता-पिता के साथ अमेरिका आते हैं। हर किसी को अमेरिका की नागरिकता मिलने की चाहत रहती है। चाहे अवैध रूप से देश में आने वाले प्रवासी हों या फिर एच-1 बी वीजा जैसे कानूनी तरीके अपनाकर आए हों और ग्रीन कार्ड के लिए वर्षों इंतजार कर रहे हों।
द स्टेट ऑफ द यूनियन स्पीच में बाइडेन ने यूक्रेन-रूस विवाद, नाटो, रोजगार, कोविड-19, अर्थव्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर, नस्लीय पोलिसिंग आदि तमाम मुद्दों पर देश की जनता को संबोधित किया। बाइडेन ने कहा कि उन्होंने नाटो को एकजुट किया और रूस के खिलाफ एक वैश्विक गठबंधन बनाया। यूक्रेन की प्रशंसा करते हुए कहा कि उसने रूस का सामना करने के लिए जो हिम्मत दिखाई है वो असाधारण है।