भारत के मशहूर अडानी ग्रुप पर इस अमेरिकी फर्म ने लगाए गंभीर आरोप, निवेशक घबराए

अमेरिका की जानी-मानी फॉरेंसिक फाइनेंशियल रिसर्च कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च ने एशिया के सबसे अमीर शख्स गौतम अडानी की कंपनी पर बड़ा आरोप लगाया है। कंपनी ने अपनी रिसर्च के बाद आरोप लगाया है कि अडानी ग्रुप स्टॉक्स में हेरफेर और बहीखातों में धोखाधड़ी कर रहा है। इस रिपोर्ट के आने के बाद अडानी ग्रुप के शेयरों में बिकवाली देखने को मिल रही है। ग्रुप के सभी 10 शेयर दो दिन से लाल निशान पर ट्रेड कर रहे हैं। उधर अडानी ग्रुप ने इन आरोपों को निराधार, एकतरफा और दुर्भावनापूर्ण इरादे से किया गया कृत्य करार दिया है।

हिंडनबर्ग अमेरिका की इन्वेस्टमेंट रिसर्च फर्म है जिसे शॉर्ट-सेलिंग के क्षेत्र में महारत हासिल है। हिंडनबर्ग का दावा है कि 218 बिलियन डॉलर की कंपनी अडानी ग्रुप की दो साल तक जांच की गई जिसमें पता चला कि यह भारतीय ग्रुप दशकों से स्टॉक के हेरफेर और अकाउंटिंग की धोखाधड़ी में लिप्त है।