यूक्रेन और रूस के बीच चल रही जंग के बीच यूनाइटेड एयरलाइंस ने कहा है कि उसने सैन फ्रांसिस्को से दिल्ली और नेवार्क लिबर्टी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से मुंबई आने-जाने वाले अपने विमानों को फिलहाल बंद कर दिया है। विमानन कंपनी ने इस कदम को ‘अस्थायी’ बताया है। जंग के हालात को देखते हुए यह फैसला किया गया है। हालांकि नेवार्क और शिकागो से रोजाना दिल्ली जाने वाली दो विमान पहले की तरह ही यात्रियों की सेवा में तैनात रहेगी।

विमानन कंपनी की तरफ से बताया गया है कि यूनाइटेड एयरलाइंस ने अमेरिका से मुंबई और दिल्ली आने-जाने वाले अपने विमानों के लिए रूसी हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल बंद कर दिया है। हालांकि कुछ मार्गों पर उड़ान संभव है। लेकिन हालात को देखते हुए हम भारत के अपनी सेवा को पूरी तरह से संचालित करने में असमर्थ हैं। इसलिए इस पर कुछ दिनों के लिए विराम लगाया गया है। कंपनी का कहना है कि रूसी हवाई क्षेत्र के बाहर के रूटों पर हमारी सेवा जारी रहेंगी। कंपनी के मुताबिक आने वाले दिनों के लिए हम स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। इसके साथ ही हम भारत के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं।