ठंड से डर नहीं लगता तो सर्दियों में करें लद्दाख की इन अद्भुत जगहों की सैर

भारत के बेहद खूबसूरत केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में सर्दियां बिताने का काम कमजोर दिल वालों के लिए नहीं है। यहां तापमान माइनस 30 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है। अगर आप रोमांचक सफर के शौकीन हैं और ठंड आपके अंदर सिहरन पैदा नहीं करती तो सर्दियों में लद्दाख की यात्रा आपके लिए अद्भुत सफर साबित हो सकती है। हम आपको बताने जा रहे हैं यहां की कुछ ऐसी जगहों के बारे में जहां आप भीषण ठंड में सफर का मजा ले सकते हैं।

Photo by Shubham Sharma / Unsplash

नुब्रा वैली

नुब्रा वैली के लिए जाने वाली सड़क सर्दियों के दौरान खुली रहती है। इसका मतलब है कि आप इस अद्भुत नजारों वाले गांव की यात्रा बर्फ में भी कर सकते हैं। यहां तक पहुंचने का एकमात्र रास्ता खारदुंग ला होते हुए जाता है जो दुनिया का दूसरा सबसे ऊंचा ऐसा दर्रा है जहां आप गाड़ी से भी जा सकते है। लेकिन ठंड के मौसम में यहां जाने की योजना तभी बनाइएगा जब आप भीषण ठंड का सामना करने के लिए तैयार हों।

पैंगोंग त्सो Photo by Jeet Patel / Unsplash

पैंगोंग त्सो

पैंगोंग त्सो झील सर्दियों के दौरान जम जाती है और इसके आस-पास का इलाका आइस स्केटिंग के लिए एक लोकप्रिय स्थान बन जाता है। अगले साल 20 फरवरी को पैंगोंग त्सो झील पर पहली बार पैंगोंग फ्रोजन लेक मैराथन का आयोजन भी होगा। लेकिन इसी जगह के पास चीन के साथ सीमा विवाद चल रहा है तो उसका ध्यान रखिएगा।