UN में गूंजा 'विश्व एक परिवार' का संदेश, प्रमुख महाराज का जन्मशती समारोह मनाया

संयुक्त राष्ट्र के न्यूयॉर्क स्थित मुख्यालय में बुधवार को BAPS स्वामीनारायण संस्था के प्रमुख स्वामी महाराज का जन्मशती समारोह का आयोजन किया गया। संयुक्त राष्ट्र और स्वामीनारायण संस्था द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस कार्यक्रम में यूएन में भारत की स्थायी प्रमुख रुचिका कंबोज के अलावा कई देशों के राजदूत, प्रतिनिधि और बीएपीएस पदाधिकारी शामिल हुए।

'विश्व एक परिवार' नामक कार्यक्रम में कंबोज ने कहा कि स्वामी जी का जीवन समस्त मानवता के लिए सही अर्थों में एकता, अच्छाई, शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देता है। प्रमुख स्वामी महाराज का दृढ़ विश्वास था कि पूरी दुनिया जाति, धर्म या देश जैस सीमाओं से परे एक परिवार है। उन्होंने इस विश्वास को न सिर्फ खुद स्वीकार किया बल्कि समुदायों के विकास के लिए अपने कार्यों के जरिए इसे विस्तार भी दिया।

बता दें कि प्रमुख स्वामी महाराज (1921-2016) पचास से अधिक वर्षों तक बीएपीएस के आध्यात्मिक प्रमुख रहे। अनुयायी उन्हें भगवान स्वामीनारायण का पांचवां आध्यात्मिक उत्तराधिकारी मानते हैं। उनकी अद्भुत विनम्रता, महान सेवाओं और सभी की मदद की निस्वार्थ इच्छा ने उन्हें लोकप्रिय बना दिया। उन्हें भारत के सबसे महान आध्यात्मिक गुरुओं में से एक माना जाता है।

यूएन मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन बीएपीएस के वॉलंटियर और अटलांटा के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. कश्यप पटेल ने किया। इस दौरान प्रमुख स्वामी महाराज द्वारा 29 अगस्त 2000 को संयुक्त राष्ट्र शांति सहस्राब्दी शिखर सम्मेलन में दिए गए उद्बोधन का वीडियो भी चलाया गया।

कार्यक्रम को संयुक्त राष्ट्र के अंडर सेक्रेटरी जनरल मिगुएल एंजेल मोराटिनोस, बीएपीएस वॉलंटियर सेजल पटेल, सेजल सगलानी, रिया सोनी, आरती पटेल, बावा जैन के अलावा पूज्य आनंदस्वरूप स्वामी ने वर्चुअली संबोधित किया।