यूके के संडे टाइम्स द्वारा प्रकाशित यूके के सबसे अमीर में भारतीय मूल के श्रीचंद और गोपीचंद हिंदुजा के नेतृत्व वाला हिंदुजा परिवार पहले स्थान पर सबसे उपर है। 28.472 बिलियन पाउंड यानी 2 लाख 90 हजार करोड़ रुपये की अनुमानित संपत्ति के साथ हिंदुजा इस सूची में पहले पायदान पर है। बता दें कि यह औद्योगिक परिवार पिछले साल सूची में तीसरे स्थान पर रखा गया था। हालांकि 11 अरब पाउंड यानी 11 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति में वृद्धि के साथ वह अब शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है।

इसके अलावा स्टील कारोबारी लक्ष्मी निवास मित्तल को लगभग 17 बिलियन पाउंड यानी 1 लाख 70 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ छठे स्थान पर रखा गया है। उन्हें पिछले साल सूची में पांचवें स्थान पर रखा गया था। वेदांता समूह के संस्थापक और अध्यक्ष अनिल अग्रवाल 9.2 अरब पाउंड यानी 92 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ 16वें स्थान पर हैं। पिछले साल वह सूची में 15वें स्थान पर थे। संपत्ति में 200 मिलियन पाउंड की वृद्धि के कारण वह एक रैंक ऊपर चले गए हैं।
महिला अरबपतियों में बायोकॉन की संस्थापक और कार्यकारी अध्यक्ष किरण मजूमदार शॉ और उनके परिवार ने 2.5 बिलियन पाउंड यानी 25 हजार करोड़ रुपये की अनुमानित संपत्ति के साथ सूची में जगह बनाई है। पिछले साल प्रकाशित सूची में उन्हें 56वां स्थान मिला था। इस बार शॉ 75वें स्थान पर हैं। हाल ही में इस साल प्रकाशित फोर्ब्स की अरबपतियों की सूची में उन्होंने जगह बनाई थी और 913वां स्थान मिला था।
इलेक्ट्रिक मोटर वाहन उद्यम फिस्कर इंक की मुख्य वित्तीय अधिकारी और मुख्य परिचालन अधिकारी गीता गुप्ता फिस्कर भी 1.20 बिलियन की कुल संपत्ति के साथ 149वें स्थान पर हैं। ब्रिटेन के वित्तमंत्री ऋषि सनक और उनकी पत्नी अक्षता मूर्ति ने भी 730 मिलियन पाउंड यानी लगभग 8 हजार करोड़ रुपये की कुल संपत्ति के साथ सूची में जगह बनाई है। यूके के राजकोष के चांसलर का नाम काफी हद तक उनकी पत्नी के स्वामित्व वाली संपत्ति के कारण है जो इंफोसिस के सह-संस्थापक एन.आर.नारायण मूर्ति की बेटी हैं।