पश्चिमी लंदन की एक सड़क पर चाकूबाजों ने हमला कर 16 साल के सिख किशोर की हत्या कर दी थी। इस मामले में स्कॉटलैंड यार्ड पुलिस ने जनता से मदद मांगी है। स्कॉटलैंड यार्ड ने रविवार को एक सार्वजनिक अपील जारी की, जिसमें किशोर की हत्या से संबंधित कोई भी जानकारी होने पर आगे आने के लिए कहा गया है।
मृतक किशोर का नाम रश्मीत सिंह उर्फ अश्मीत सिंह था। मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अनुसार उन्हें 24 नवंबर की रात को चाकू मारने की एक घटना की सूचना मिली थी। पुलिस लंदन एंबुलेंस सर्विस (एलएएस) के पैरामेडिक्स के साथ वहां पहुंची थी। आपात सेवाओं की कोशिशों के बाद भी कुछ देर बाद ही रश्मीत की मौत हो गई थी।