लॉकडाउन में भारतीय परिवार ने घर में ही बना डाला विमान, उड़ान की तैयारी

कोरोना वायरस वैश्विक महामारी की वजह से पूरी दुनिया में गतिविधियां पिछले दो साल से थमी हुई है। एक के बाद एक आ रही इस महामारी के चलते लोग अपने घरों में ही रहने के लिए मजबूर हैं। इस दौरान कई लोगों ने घर में रहकर शिकायतें करते हुए समय गुजारा तो कुछ लोगों ने ऐसा कर दिखाया है जिसे जानकर पूरी दुनिया हैरत में पड़ जाए। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है यूनाइटेड किंगडम में रहने वाले एक भारतीय परिवार ने, जिसने लॉकडाउन के दौरान अपने घर में ही एक चार सीट वाले विमान का निर्माण कर डाला।

अशोक और अभिलाषा ने इस प्रोजेक्ट पर दो साल तक केवल इंस्ट्रक्शन मैनुअल (निर्देश पत्रिका) और यूट्यूब के सहारे काम किया।

इंग्लैंड के एसेक्स में रहने वाले पेशे से इंजीनियर अशोक अलिसेरिल (38) ने अपने घर के पीछे के बगीचे में लॉकडाउन के दौरान अपने परिवार के साथ मिलकर एक छोटा विमान बनाया है। अशोक के परिवार में उनकी पत्नी अभिलाषा दुबे (35) और बेटियां तारा (6) व दिना (3) हैं। इस विमान को बनाने में इस परिवार को 1500 घंटे लगे और एक लाख 40 हजार पाउंड (लगभग एक करोड़ 41 लाख 54 हजार 826 रुपये) का खर्च आया। बता दें कि अशोक अलिसेरिल एक प्रशिक्षित पायलट भी हैं।