कांगो में हिंसक प्रदर्शन, दो भारतीय सैनिकों की मौत, संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में थे शामिल

डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो में मंगलवार को दो भारतीय सैनिकों की हिंसक प्रदर्शनों के दौरान मौत हो गई। ये सैनिक संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के तहत कांगो में तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) का हिस्सा थे। बता दें कि मिशन के खिलाफ कांगो के पूर्वी शहर गोमा में हुए प्रदर्शन के दूसरे दिन कम से कम पांच लोग मारे गए और लगभग 50 अन्य घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार मारे गए दोनों सैनिक राजस्थान के रहने वाले थे और बीएसएफ में हेड कांस्टेबल के पद पर थे। बीएसएफ के एक प्रवक्ता के अनुसार 26 जुलाई को कांगो के बुटेंबो में तैनात संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षक दल में शामिल दो जवान सशस्त्र विरोध के दौरान घायल हो गए थे जिन्होंने बाद में दम तोड़ दिया। इलाके में 70 से 74 जवानों की दो टुकड़ियां तैनात थीं।