मॉल के बाहर दो पंजाबी भाइयों को गोली मारने वाला जोबनप्रीत गिरफ्तार
भारतीय मूल के दो युवकों की अमेरिका में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। दिलराज पाल सिंह और गुरइकबाल सिंह के साथ ये घटना अमेरिका के ओरेगॉन में पोर्टलैंड सिटी के एक शॉपिंग मॉल में हुई। ये दोनों भारत में पंजाब के कपूरथला के रहने वाले थे। बुधवार दोपहर को हुई इस घटना के सिलसिले में पुलिस ने 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। उसका नाम जोबनप्रीत सिंह है।
पंजाब पुलिस के अनुसार दिलराज सिंह की उम्र 31 साल थी जबकि गुरइकबाल 26 साल का था। दिलराज लगभग एक दशक से अमेरिका में रह रहा था। गुरइकबाल लगभग छह महीने पहले उसके साथ रहने के लिए अमेरिका गया था। पुलिस को इस घटना के पीछे पैसों के लेन-देन को लेकर झगड़े की जानकारी मिली है।
एक पुलिस अधिकारी ने परिजनों के हवाले से मिली जानकारी के आधार पर मीडिया को बताया कि दिलराज और आरोपी एक-दूसरे के जानकार थे। दोनों पिछले कुछ वर्षों से मिलकर बिजनेस चला रहे थे। पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों में विवाद हो गया था। परिवार का कहना है कि आरोपी ने इस मसले पर बात करने के लिए दिलराज और गुरइकबाल को मॉल के बाहर बुलाया था। उसी दौरान बात बढ़ गई और उसने दोनों को गोली मार दी।
दिलराज और गुरइकबाल के माता पिता का नाम कश्मीर सिंह और बलविंदर कौर है। वे कपूरथला के बिधिपुर गांव में रहते हैं। दोनों भाइयों की मौत की खबर मिलने के बाद अब वह अमेरिका जाने की तैयारी कर रहे हैं।
बिधिपुर गांव के सरपंच रंजीत सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि दिलराज सिंह की कुछ साल पहले शादी हो चुकी है। उसके पांच महीने का बच्चा भी है। जबकि गुरइकबाल की मंगनी हो चुकी थी और इस साल के आखिर में उसकी शादी होनी थी।
#indianshotdeadUS #oregonnrishot #uspunjabibrothersshot #USAbrotherskilled #IndianDiaspora #Diaspora #Indian #NewIndiaAbroad #IndiaAbroad