'टच ए लाइफ' फाउंडेशन ने मनाया विश्व दयालुता दिवस का रजत जयंती उत्सव

कैलिफोर्निया के सेंट क्लारा में टच ए लाइफ फाउंडेशन की ओर से विश्व दयालुता दिवस का रजत जयंती उत्सव मनाया गया। शिक्षा और मनोरंजन के साथ दया का जश्न मनाने के लिए 19 नवंबर को 700 से अधिक लोग एक छत के नीचे जमा हुए।

आयोजन में 700 से अधिक लोगों ने भागीदारी की। कार्यक्रम में संवाद और परिचर्चा के सत्र भी हुए। Photo by Kelli McClintock / Unsplash

आयोजन में बड़ी संख्या में कॉर्पोरेट जगत की हस्तियां, शिक्षाविद, समाजसेवी और मनोरंजन जगत के लोगों के साथ ही आज की दुनिया में वास्तविक बदलाव लाने वाले नायक शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में 700 से अधिक लोगों ने भागीदारी की।

टच ए लाइफ फाउंडेशन के सीईओ और संस्थापक तेज गुंडावेल्ली ने बताया कि कार्यक्रम में संवाद और परिचर्चा के सत्र हुए। सामाजिक उद्यमिता पर बात हुई। कई घंटों के रंगारंग कार्यक्रम भी हुए। बैले डांस के अलावा बॉलीवुड कलाकारों ने अपने जलवा दिखाए। सबसे बड़ी बात यह कि दया और करुणा पर चित्रों की झांकी देखने को मिली।

गुंडावेल्ली ने कहा कि तरह-तरह की चुनौतियों के कारण दुनियाभर में व्याप्त अशांति के मद्देनजर विश्व दयालुता दिवस पर ऐसी गर्मजोशी का माहौल बहुत जरूरी था। युवाओं के सशक्तिकरण और समुदायों की शक्ति संपन्नता को प्रोत्साहित करने वाले विषयों पर चर्चा के लिए वीना गुंडावेल्ली, डॉ. नीलिमा सभरवाल और सोम चटर्जी जैसे वक्ता मौजूद थे। इस समय संसार में जो सकारात्मक बदलाव चाहिए उसके लिए इस तरह के प्रेरक विषयों पर संवाद आवश्यक है।

टच ए लाइफ फाउंडेशन एक गैर लाभकारी संगठन है। इसकी स्थापना दूसरों की सहायता से समाज की बेहतरी के सिद्धांत पर की गई है। लोगों की मदद इस उद्देश्य से की जाती है कि उनमें एक सकारात्मक बदलाव आए और एक करुणामयी संसार की अवधारण पुष्पित पल्लवित हो सके।