बॉलीवुड फिल्म 'बेताब' के नाम पर रखा गया था इस कश्मीरी घाटी का नाम
भारत की फिल्म इंडस्ट्री बॉलीवुड की एक फिल्म है 'बेताब'। यदि आपने वो फिल्म देखी हुई है तो आप इस घाटी की सुंदरता से परिचित होंगे। दरअसल फिल्म बेताब में इस घाटी को बखूबी दिखाया गया है और इस फिल्म के रिलीज होने के बाद ही इस घाटी का नाम बेताब घाटी रख दिया गया था। दरअसल यह फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। रिकॉर्ड बताते हैं कि इस क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ऐसा किया गया था। खैर इस घाटी का नाम पहले हेगन था। इस घाटी को हैगून के नाम से भी जाना जाता था।
कहां है ये बेताब घाटी ?
यह घाटी भारत के कश्मीर राज्य के अनंतनाग जिले के पहलगाम से 15 किलोमीटर की दूरी पर है। बर्फ से ढके पहाड़ों और हरे-भरे घास के मैदानों से घिरी हुई है। यह स्थान यात्रियों के लिए एक पसंदीदा कैंपसाइट के रूप में भी काम करता है। दरअसल इस घाटी में ट्रेकिंग के लिए काफी ऑप्शन हैं। यह घाटी प्रसिद्ध अमरनाथ मंदिर यात्रा के रास्ते में आती है। यही कारण है कि यह जगह खोजी पर्यटन के इच्छुक पर्यटकों के लिए लोकप्रिय है।
बेताब घाटी के लिए क्यों हों बेताब?
बेताब घाटी घूमने वालों के लिए यहां कई आकर्षण हैं। बैसारन घाटी, शेषनाग झील, ममलेश्वर मंदिर और बहुत कुछ ऐसा है जो इस घाटी में घूमने वालों के लिए दर्शनीय है। बेताब घाटी में आने वाले लोग घुड़सवारी जैसी गतिविधियों में भी शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा पर्यटक यहां विभिन्न प्रकार की वनस्पतियों की भी खोज कर सकते हैं। यहां आने पर कश्मीरी कपड़े पहनकर तस्वीरें क्लिक करने के अलावा स्थानीय कश्मीरी व्यंजनों का आनंद लेना भी आपकी यात्रा का हिस्सा बन जाता है। इस सब के अलावा आप फोटो वॉक, ट्रेकिंग, एडवेंचर राइड आदि गतिविधियों को भी आजमा सकते हैं।
बेताब घाटी घूमने का सबसे अच्छा समय
बेताब घाटी की यात्रा के लिए जून से सितंबर का समय सबसे अच्छा होता है। इस वक्त यहां तापमान ज्यादातर 15 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है। यह वह समय भी है जब मौसम सुहावना बना रहता है जिससे आप और नजदीक के और भी अधिक स्थानों का पता लगा सकते हैं।
अब जानिए कि कैसे पहुंचे बेताब घाटी?
श्रीनगर से बेताब घाटी की दूरी लगभग 117 किमी है। यहां पहुंचने के लिए आप पहलगाम गांव से टैक्सी किराए पर ले सकते हैं। पहलगांव से बेताब घाटी तक पहुंचने में आपको करीब 30 मिनट का समय लगेगा। अंतरराष्ट्रीय पर्यटक हैं तो आपको सबसे पहले श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचना होगा।
#Bettab #Kashmir #Jammukashmir #Travel #Traveling #travellife #nature #instatravel #explore #trip