Skip to content

क्यों चल पड़ी यह चर्चा! अब ताजमहल तो नहीं खरीदना चाहते एलन मस्क?

एलन मस्क ने ताजमहल को लेकर एक ऐसा ​ट्वीट किया जिसके बाद अब उनके भारत आने की अटकलों ने तो जोर पकड़ा ही बल्कि उनके प्रशंसकों ने मस्क के ताजमहल को खरीदने की चर्चा को भी ट्विटर पर शुरू कर दिया।

Photo by AussieActive / Unsplash

जब से इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला के मालिक एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर को खरीदा है, तभी से किसी न किसी मसले को लेकर वह चर्चा में रहते हैं। उनका हर एक ट्वीट वायरल होता है। कुछ ही घंटे पहले एलन मस्क ने भारत के ऐतिहासिक स्थल ताजमहल को लेकर एक ऐसा ​ट्वीट किया, जिसके बाद अब उनके भारत आने की अटकलों ने तो जोर पकड़ा ही बल्कि उनके प्रशंसकों ने मस्क के ताजमहल को खरीदने की चर्चा को भी ट्विटर पर शुरू कर दिया।

दरअसल बीते दिन 'हिस्ट्री डिफाइंड' नाम के एक ट्विटर हैंडल ने आगरा के लाल किला की एक तस्वीर डाली थी जिस पर एलन मस्क ने लिखा कि यह आश्चर्यजनक है। मैंने साल 2017 में दौरा किया था। इसके अलावा मैंने ताजमहल भी देखा था जो वास्तव में दुनिया का एक अजूबा है।

दरअसल 'हिस्ट्री डिफाइंड' ने आगरा के जिस किले की तस्वीर को डाला उसे आगरा का लाल किला भी कहा जाता है। इसे 1983 में यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर स्थल के रूप में चिह्नित किया गया है। इसे मुगल सम्राट अकबर द्वारा साल 1565 ईस्वी में डिजाइन और निर्मित किया गया था। प्राचीन काल में आगरा भारत की राजधानी थी। यह गौरवशाली किला यमुना नदी के किनारे बना है।

एलन मस्क की इस टिप्पणी के बाद भारत में उनके प्रशंसकों ने एलन मस्क से कई सवाल पूछने शुरू कर दिए। एक यूजर ने पूछा कि क्या आपकी जल्द ही भारत आने की कोई योजना हैं? एक अन्य यूजर उमाशंकर सिंह ने मजाक में ट्वीट किया कि अब कृपया इसे खरीदने के बारे में मत सोचना।

जानकारी के लिए बता दें कि सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला ने भी बीते दिनों मस्क को टेस्ला कारों की उच्च-गुणवत्ता और बड़े पैमाने पर निर्माण के लिए भारत में निवेश करने की सलाह दी थी। ट्विटर पर अदार पूनावाला ने मस्क को टैग करते हुए आश्वासन दिया था कि यह दुनिया का सबसे अमीर व्यक्ति का अब तक का सबसे अच्छा निवेश होगा।

Comments

Latest