पहाड़ी भारत का यह जिला बनने जा रहा है 'टूरिज्म कैपिटल', क्या हैं विशेषताएं

इसमें कोई दो राय नहीं कि पर्यटन के मामले में भारत का हिमाचल प्रदेश राज्य सबसे लोकप्रिय है। यहां स्पीति, धर्मशाला, किन्नौर, शिमला और मनाली जैसे कई पर्यटन स्थल हैं। कुल मिलाकर पर्यटकों के लिए यहां विकल्पों की कोई कमी नहीं है।

खबर है कि वर्तमान में हिमाचल प्रदेश की सरकार राज्य को ऑल-सीजन पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि राज्य सरकार कांगड़ा जिले को राज्य की पर्यटन राजधानी के रूप में भी विकसित कर रही है।

कांगड़ा हिमाचल प्रदेश के सबसे पसंदीदा जिलों में से एक है। Photo by chiranjeeb mitra / Unsplash

कैसा है कांगड़ा

कांगड़ा हिमाचल प्रदेश के सबसे पसंदीदा जिलों में से एक है। इस जिले में सबसे बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। कांगड़ा में धर्मशाला में धौलाधार पर्वत श्रृंखला से लेकर पालमपुर के हरे-भरे चाय बागानों, जिले भर में फैले किले और मंदिरों तक घूमने और वक्त बिताने जैसी बहुत सारी जगहें हैं।

इस जिले की खास बात यह भी है कि यह अपने व्यंजन और हस्तशिल्प के लिए भी लोकप्रिय है। स्थानीय व्यंजन जैसे सिद्दू, धाम, मदरा, तुड़किया भात और हस्तशिल्प जैसे कांगड़ा पेंटिंग, लकड़ी की नक्काशी, तिब्बती थांगका, मिट्टी के बर्तन, धातु शिल्प और हथकरघा कांगड़ा जिले को उत्तर भारत के शीर्ष स्थलों में से एक बनाते हैं।

बहुत जल्द पर्यटक हिमानी मंदिर तक जाने के लिए चामुंडा रोपवे की सवारी कर सकेंगे। Photo by Ashwani Kumar / Unsplash

कांगड़ा के ये हैं मशहूर पर्यटक स्थल

कांगड़ा जिले के कुछ लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में धर्मशाला, मैक्लोड गंज, पालमपुर, बीर-बिलिंग, कांगड़ा शहर, अंद्रेटा और चामुंडा देवी हैं। हिमाचल प्रदेश की सरकार चंदर भान स्थित आदि हिमानी मंदिर को भी पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित कर रही है। बहुत जल्द पर्यटक हिमानी मंदिर तक जाने के लिए चामुंडा रोपवे की सवारी कर सकेंगे। इन सभी जगहों की अपनी-अपनी अनोखी विशेषताएं हैं। उदाहरण के लिए बीर-बिलिंग एडवेंचर की चाह रखने वालों के लिए सपनों का शहर है। इसे भारत की पैराग्लाइडिंग राजधानी भी कहा जाता है।

बता दें कि कांगड़ा एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है जो इतिहास, संस्कृति, आध्यात्मिकता और प्राकृतिक सुंदरता का मिश्रण है। हिमाचल प्रदेश या उत्तरी भारत में आने वाले पर्यटक के लिए यह जिला उसकी लिस्ट में अहम स्थान रखता है।