कोरोना महामारी ने पिछले दो साल से फिल्मों के शौकीनों को निराश किया है। साल 2020 और उसके बाद 2021, दोनों ही वर्ष फिल्म जगत के लिए सुखद नहीं रहे। दोनों वर्ष कोरोना वायरस की भेंट चढ़े। कोरोना वायरस की पहली लहर में तो सिनेमा जगत का बुरा हाल हो गया था, वहीं दूसरी लहर के चलते साल 2021 में भी वैसी रौनक नहीं रही जैसे पहले हुआ करती थी। उम्मीद की जा रही थी कि साल 2022 में सिनेमा जगत की रौनक वापस देखने को मिलेगी। फिल्म निर्माता भी अपनी फिल्मों को रिलीज करने के लिए सही वक्त की प्रतीक्षा कर रहे हैं। साल 2022 में दर्शकों को बहुप्रतीक्षित फिल्में देखने को मिल सकती हैं। यहां पर कुछ ऐसे ही फिल्मों की लिस्ट है जिसका दर्शक बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे हैं। देखना यह होगा कि इस साल कोरोना की तीसरी लहर कहीं एक बार फिर फिल्मों को सिनेमा तक जाने से रोक न दे।
पृथ्वीराज: इस साल रिलीज होने वाली पहली बड़ी फिल्म पृथ्वीराज है। फिल्म भारतीय राजा पृथ्वीराज चौहान और संयुक्ता के प्रेम पर आधारित है। संयुक्ता की भूमिका विश्व सुंदरी रहीं मानुषी छिल्लर ने निभाई है। इस फिल्म के निर्माता आदित्य चोपड़ा हैं। फिल्म का निर्देशन डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने किया है, जो इससे पहले फिल्म पिंजर में अपनी निर्देशन कला का जौहर दिखा चुके हैं। द्विवेदी ऐतिहासिक टीवी शो ‘चाणक्य’ के लिए सबसे ज्यादा मशहूर हैं। डॉ. चंद्रप्रकाश फिल्मों के लिए काफी रिसर्च के बाद ही काम हाथ में लेने के लिए जाने जाते हैँ। अब बॉक्स ऑफिस में यह फिल्म कितना धमाल मचा पाती है ये तो फिल्म के रिलीज होने के बाद ही पता चलेगा।
गंगूबाई काठियावाड़ी: संजय लीला भंसाली की महत्वाकांक्षी फिल्म 18 फरवरी को रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म में आलिया भट्ट मुख्य भूमिका में हैं और अजय देवगन भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं। भंसाली ने हुसैन जैदी की किताब, मुंबई के माफिया क्वींस के एक हिस्से से फिल्म को बनाया है। गंगूबाई काठियावाड़ी में विजय राज, इंदिरा तिवारी और सीमा पाहवा भी हैं। ये फिल्म 10 से 20 फरवरी तक आयोजित होने वाले बर्लिन अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में वर्ल्ड प्रीमियर के लिए तैयार है।
जयेशभाई जोरदार: इस साल यशराज की यह दूसरी फिल्म आने वाली है। कॉमेडी अभिनेता रणवीर सिंह और शालिनी पांडे स्टारर फिल्म ‘जयेशभाई जोरदार’ 25 फरवरी से सिनेमाघरों में दर्शकों का मनोरंजन करेगी। इस फिल्म का डायरेक्शन दिव्यांग ठाकुर ने किया है।
शमसेरा: यशराज बैनर तले बनी रणबीर कपूर की फिल्म शमशेरा के लिए 18 मार्च की तारीख तय की गई है। 2018 में धूम मचाने वाली फिल्म 'संजू' के बाद रणबीर इस फिल्म में नजर आएंगे। यह फिल्म 1800 के दशक के एक डकैत जनजाति के बारे में है, जिन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ अपने अधिकारों और स्वतंत्रता की लड़ाई में हिस्सा लिया था। इस फिल्म में रणबीर कपूर दोहरी भूमिका में नजर आएंगे। वह शमशेरा और उनके पिता के रूप में दो भूमिकाओं को निभा रहे हैं। वहीं वाणी कपूर एक नर्तकी की भूमिका में हैं, जो शमशेरा की प्रेमिका है और संजय दत्त प्रतिपक्षी की भूमिका निभाएंगे। इस फिल्म का निर्देशन करण मल्होत्रा ने किया है।