Skip to content

'यह नया भारत है', कान महोत्सव में आर माधवन ने की नरेंद्र मोदी की तारीफ

माधवन ने फिल्म महोत्सव के दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने केंद्र की छवि को बदलने का काम किया है।

भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम के साथ 75वें कान फिल्म महोत्सव में शामिल हुए अभिनेता आर माधवन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की है। माधवन ने फिल्म महोत्सव के दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि दुनिया को पहले संदेह था यह मानते हुए कि डिजिटलीकरण भारत जैसे देश में एक बड़ी आपदा साबित होगा। एक ऐसे देश में जहां किसान स्मार्टफोन का उपयोग करना या अपना लेखा-जोखा संभालना नहीं जानता है। लेकिन कुछ वर्षों में ही पूरी कहानी बदल गई और भारत माइक्रो इकोनॉमी का सबसे बड़े उपयोगकर्ताओं में से एक बन गया।

उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि किसानों को यह जानने के लिए फोन का इस्तेमाल करने के लिए शिक्षित होने की जरूरत नहीं थी कि उन्हें पैसा मिला है या नहीं। उन्होंने कहा कि यह नया भारत है। भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने केंद्र की छवि को बदलने का काम किया है।

कान में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे भारत सरकार में केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जब पीएम ने अपना कार्यकाल शुरू किया था तो उन्होंने माइक्रो इकोनॉकी और डिजिटल करेंसी की शुरुआत की थी। आर्थिक समुदाय के बीच दुनिया भर में हंगामा हुआ। सभी ने कहा कि यह काम नहीं करने वाला है। यह एक आपदा है।

जानकारी के लिए बता दें कि मार्चे डू फिल्म्स (कान्स फिल्म मार्केट) में इस साल भारत को कंट्री ऑफ ऑनर से नामित किया गया है। भारतीय टीम का नेतृत्व केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने किया है। उन्होंने आर माधवन, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, ग्रैमी पुरस्कार विजेता रिकी केज, शेखर कपूर, प्रसून जोशी के साथ कान 2022 रेड कार्पेट पर वॉक किया।

Comments

Latest