भारत ने संयुक्त राष्ट्र पर आतंकवाद को लेकर दोहरे मानक अपनाने और चुनिंदा तरीके से कार्रवाई करने का बड़ा आरोप लगाया है। चीन, पाकिस्तान, अफगानिस्तान के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र सचिवालय को निशाने पर लेते हुए भारत की प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने सुरक्षा परिषद में कहा कि संयुक्त राष्ट्र की प्रतिबंध व्यवस्था की विश्वसनीयता अपने सबसे निचले स्तर तक गिर चुकी है।
संयुक्त राष्ट्र में भारत की दूत रुचिरा कंबोज ने सुरक्षा परिषद के एक सत्र में 'आतंकवादी कृत्यों से अंतरराष्ट्रीय शांति व सुरक्षा को खतरा' विषय पर बोलते हुए किसी देश का नाम नहीं लिया, लेकिन चीन, पाकिस्तान और अफगानिस्तान पर तीखे हमले किए। उन्होंने सबूत होने के बावजूद आतंकवादियों को प्रतिबंध सूची में डालने में अड़ंगा लगाने के लिए चीन को खरी-खरी सुनाई।