Skip to content

सिख धर्म की सेवा भावना को कॉरपोरेट संस्कृति में शामिल किया, मिला सम्मान

तरुणदीप बावा ने ITegrity में एक खास संस्कृति को विकसित किया है। कंपनी न केवल अपने कर्मचारियों और ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखती है, बल्कि समाज और समुदाय को वापस देने के महत्व पर भी जोर देती है। बावा का कहना है कि कि निस्वार्थ सेवा करना सिख धर्म का एक अहम पहलू है।

अमेरिका के मैरीलैंड में एक कंपनी ITegrity,Inc है। यह कंपनी तकनीकी, इंजीनियरिंग और प्रबंधन सहायता के लिए समाधान प्रदान करती है। इसके अध्यक्ष और सीईओ हैं भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक तरणदीप बावा। उन्हें स्मॉल बिजनेस पर्सन ऑफ द ईयर अवॉर्ड से सम्मानित करने की घोषणा की गई है। यह पुरस्कार लघु व्यवसाय प्रशासन (SBA)  की तरफ से अमेरिका के शीर्ष उद्यमियों और उनके छोटे व्यवसायों के नए प्रयोगों और रचनात्मकता के लिए दिया जाता है। उन्होंने सिख धर्म की सेवा भावना को कॉरपोरेट संस्कृति का अहम हिस्सा बना दिया। आगामी 5 मई को राष्ट्रीय लघु व्यवसाय सप्ताह (NSBW) पुरस्कार समारोह के दौरान बावा को इस पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

बताया गया है कि तरुणदीप बावा ने ITegrity में एक खास संस्कृति को विकसित किया है। कंपनी न केवल अपने कर्मचारियों और ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखती है, बल्कि समाज और समुदाय को वापस देने के महत्व पर भी जोर देती है। बावा के नेतृत्व में खासतौर पर कोरोना महामारी के दौरान कंपनी सक्रिय रूप से सामुदायिक सेवा के काम में जुड़ी रही। बात सिर्फ महामारी की ही नहीं है। कोविड -19 महामारी से पहले भी कंपनी स्थानीय स्तर पर गैर-लाभकारी संस्थाओं के माध्यम से समाजसेवा के कार्य में जुड़ी रही।

बावा कहते हैं कि इस पुरस्कार को हासिल करने के लिए वास्तव में खुद को सम्मानित महसूस कर रहा हूं। यह पुरस्कार शानदार कर्मचारियों, एक मजबूत प्रबंधन टीम, ग्राहकों और एक कर्मचारियों के हित से जुड़ी संस्कृति को दिखाता है। समाज के लिए कुछ करना हमारा मूल दर्शन है। उन्होंने कहा कि निस्वार्थ सेवा करना सिख धर्म का एक अहम पहलू है। जिसे मैंने अपनी कॉरपोरेट संस्कृति में शामिल किया है। कोरोना महामारी के रूप में हमारे सामने ऐसी कई चुनौतियां पेश की हैं, जिनकी इस दुनिया ने कभी उम्मीद नहीं की थी। लेकिन हमारी निरंतर सफलता अनुशासन, रणनीतिक तैयारी और फर्म के मूल सिद्धांतों पर आधारित है।

एसबीए प्रशासक इसाबेला कैसिलस गुज़मैन ने कहा कि उद्यमी अपने मूल में नई चीजों का खोज करने वाला निर्माता हैं। हम जिन उत्पादों और सेवाओं पर निर्भर हैं उन्हें वे हम तक पहुंचाते हैं। ये हमारे पड़ोस, कस्बों और शहरों को रहने और काम करने के लिए और अधिक जीवंत स्थान बनाते हैं। वे अपने सपने को हासिल करने के लिए अपना सब कुछ देते हैं। इस तरह ये उद्यमी अमेरिका की अर्थव्यवस्था और वैश्विक प्रतिस्पर्धा को आगे बढ़ाते हैं। मैरीलैंड में स्थित ITegrity की स्थापना 2009 में की गई थी।

Comments

Latest