भारत में स्थापित हुई विश्व की सबसे ऊंची शिव प्रतिमा, इसकी खासियतें चौंका देंगी

भारत के राजस्थान में भगवान शिव की 369 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया गया है। राजसमंद जिले के नाथद्वारा कस्बे में स्थित इस प्रतिमा के बारे में दावा किया जा रहा है कि यह दुनिया में भगवान शिव की सबसे ऊंची प्रतिमा है। 'विश्वास स्वरूपम' नामक प्रतिमा का अनावरण राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने संत मोरारी बापू और विधानसभा स्पीकर सीपी जोशी के साथ किया।

इस प्रतिमा को बनाने में 3000 टन स्टील व लोहा और ढाई लाख टन कंक्रीट व बालू का इस्तेमाल हुआ है।

उदयपुर सिटी से करीब 45 किलोमीटर दूर स्थित इस प्रतिमा का निर्माण तत पदम संस्थान ने करवाया है। लगभग 51 बीघे की पहाड़ी पर बनी भगवान शिव की यह प्रतिमा ध्यान की मुद्रा में बनाई गई है। इसे बनाने में 3000 टन स्टील व लोहा और ढाई लाख टन कंक्रीट व बालू का इस्तेमाल हुआ है। प्रतिमा के निर्माण में 10 साल का समय लगा है। इसकी नींव अगस्त 2012 में अशोक गहलोत और मोरारी बापू की मौजूदगी में ही रखी गई थी।