सिक्किम जा रहे हैं, रहिए 189 साल पुराने इस बंगले में, अब बन चुका है होमस्टे

पहाड़ों में छुट्टियां बिताने गए हैं तो यहां समय बिताने का सबसे अच्छा तरीका स्थानीय लोगों की तरह रहना है। और अगर आप भारत के उत्तर-पूर्वी राज्य सिक्किम घूमने जाते हैं तो आपके पास 189 साल पुराने एक बंगले में रहने का विकल्प भी रहता है। सिक्किम के रिंचेनपोंग में स्थित 'द यांग्सुम हेरिटेज फार्म' नाम के इस बंगले का निर्माण 1833 में हुआ था और अब यह एक होमस्टे बन चुका है।

5500 फीट की ऊंचाई पर स्थित रिंचेनपोंग दुनिया की तीसरी सबसे ऊंची पर्वत चोटी कंचनजंघा पर जादुई सूर्योदय देखने के लिए सिक्किम की सबसे बेहतरीन जगहों में से एक है।

करीब 44 एकड़ जमीन के बीच में बना यह बंगला बेहद खूबसूरत है और यहां से बर्फ से ढकी पर्वत चोटियों, ऊंचे चीड़, हिमालयन एल्डर्स और मैग्नोलिया के पेड़ों का बेहतरीन नजारा दिखता है। इस अद्भुत होमस्टे का संचालन एक स्थानीय जोड़ा करता है जिनके नाम थेंदुप और पेमा हैं।