Starbucks के भारतवंशी CEO खुद सर्व करेंगे स्टोर में कॉफी, जानें वजह

क्या आपने कभी किसी कंपनी के सीईओ को एक आम कर्मचारी की तरह काम करते देखा है? नहीं न। लेकिन दुनिया की सबसे बड़ी अमेरिकी कॉफी चेन कंपनी स्टारबक्स की हाल ही में कमान संभालने वाले भारतीय मूल के अमेरिकी लक्ष्मण नरसिम्हन अब कुछ ऐसा ही करने जा रहे हैं। नरसिम्हन ने कहा है कि वह महीने में एक बार कंपनी के स्टोर में बरिस्ता (कॉफी सर्व करने वाले कर्मचारी) के रूप में काम करेंगे। उन्होंने ऐसा करने की वजह भी बताई है।

55 वर्षीय भारतीय अमेरिकी लक्ष्मण नरसिम्हन ने सोमवार को ही कंपनी के सीईओ की कुर्सी संभाली है। इसके बाद सीईओ लक्ष्मण ने कर्मचारियों को लिखे पत्र में कहा कि वह कंपनी की संस्कृति, ग्राहकों, चुनौतियों और अवसरों को समझने के लिए महीने में एक बार रेस्तरां में बरिस्ता यानी बतौर कर्मचारी के रूप में काम करेंगे।

भारत के पुणे में जन्मे नरसिम्हन बीते साल अक्टूबर में स्टारबक्स के अंतरिम सीईओ नामित किए गए थे। उसके बाद उन्होंने कंपनी को समझने के लिए बरिस्ता का काम किया और कंपनी के स्टोर्स में 40 घंटे का प्रशिक्षण लिया। अब उन्होंने अपने इस काम को सीईओ बनने के बाद भी महीने में एक बार जारी रखने का ऐलान किया है।

नरसिम्हन ने भारत के पुणे विश्वविद्यालय से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की है। वह पहले यूके स्थित मल्टीनेशनल उपभोक्ता स्वास्थ्य कंपनी Reckitt Benckiser के सीईओ थे। उन्होंने पेन्सिलवेनिया विश्वविद्यालय में द लॉडर इंस्टीट्यूट से जर्मन और अंतर्राष्ट्रीय अध्ययन में एमए किया।

पेन्सिलवेनिया विश्वविद्यालय के व्हार्टन स्कूल से फाइनेंस में एमबीए की डिग्री लेने के बाद नरसिम्हन ने मैकिन्से से अपना करियर शुरु किया। 19 साल तक वहां काम करने के बाद 2012 में पेप्सिको के लैटिन अमेरिका में सीईओ और पेप्सिको अमेरिका फूड्स के सीएफओ के रूप में नई पारी शुरू की।