ये देश भारतीयों के लिए करते हैं ई-वीजा की पेशकश, कोई समस्या नहीं
कोरोना वायरस जैसी वैश्विक महामारी के दौरान पूरी दुनिया की रफ्तार थम गई थी। लेकिन अब इस महामारी का प्रकोप कम हो रहा है और काम-काज भी पटरी पर लौट रहे हैं। इसी के साथ पर्यटन भी तेजी से बढ़ रहा है। भारतीय नागरिक भी छुट्टियां मनाने के लिए विदेशों का रुख कर रहे हैं। हम आपको बताने जा रहे हैं पांच ऐसे देशों के बारे में जो भारतीयों के लिए आसान ई-वीजा की पेशकश करते हैं।
मालदीव (Maldives)
मालदीव को किसी पहचान की जरूरत नहीं है। एक टूरिस्ट हॉटस्पॉट के रूप में यह काफी लोकप्रिय हो चुका है। खास बात यह है कि भारतीय यात्री यहां पहुंच कर आसानी से ई-वीजा प्राप्त कर सकते हैं। इसकी अवधि 30 दिन की होती है। यहां यह भी जान लीजिए कि इसके लिए कोई शुल्क नहीं है और न ही कोई छिपी हुई शर्त है।
लाओस (lAOS)
मन मोह लेने वाले नजारों, घने जंगलों, खूबसूरत गांवों, धान के खेतों और बड़े-बड़े पहाड़ों का घर यह दक्षिण-पूर्व एशियाई देश आपको यात्रा करने का एक नया नजरिया देगा। यहां जाने के लिए भारतीयों को पहले से वीजा के लिए आवेदन करने की जरूरत नहीं है। वह यहां पहुंच कर वैध यात्रा दस्तावेज पेश कर वीजा पा सकते हैं।
सिंगापुर (Singapore)
बेहतरीन उड़ान सेवाओं और आसान ई-वीजा आवेदन प्रक्रिया के साथ सिंगापुर भारतीय पर्यटकों के लिए सबसे अधिक पसंद किए जाने वाले स्थानों में आता है। यात्रियों के लिए यहां एक्सप्लोर करने के लिए बहुत कुछ है। मरीना बे पर होने वाले वाटर शो और यूनिवर्सल स्टूडियोज यहां पर पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहते हैं।
कंबोडिया (Cambodia)
खूबसूरत मंदिरों के लिए प्रसिद्ध कंबोडिया यात्रियों के बीच भी खासा लोकप्रिय है। यह वीजा ऑन अराइवल की सुविधा के साथ यात्रा करने लायक सबसे बेहतरीन स्थानों में से एक है। भारतीय यात्रियों के लिए कंबोडिया यहां पहुंचने पर आसान वीजा की पेशकश करता है। इस वीजा की अवधि अधिकतम 30 दिन की होती है।
थाईलैंड (Thailand)
दक्षिण-पूर्वी एशियाई देश थाइलैंड भारतीयों के बीच अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, मंदिरों और खूबसूरत बीच के लिए प्रसिद्ध है। यहां भी भारतीय यात्रियों के लिए वीजा ऑन अराइवल की सुविधा उपलब्ध होती है। लेकिन इस बात का ध्यान रखना होता है कि इस वीजा पर आप यहां केवल पर्यटन के लिए आ रहे हैं।