अंतरराष्ट्रीय स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में अमेरिका स्थित लॉस एंजेलिस की जेहा शर्मा ने पहला पुरस्कार प्राप्त किया है। इस प्रतियोगिता का आयोजन स्पीहा नाम की संस्था ने किया, जिसमें दुनिया के करीब 250 देशों के करीब 5 हजार बच्चों ने इसमें हिस्सा लिया। विशेष बात यह है कि स्पीहा भारत के आगरा शहर से शुरू हुई थी। इस प्रतियोगिता का मकसद पर्यावरण संरक्षण में बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ ही उनकी रचनात्मकता को विश्व के सामने लाना है।
संस्था की ओर से यह 16वीं चित्रकला प्रतियोगिता थी। वह हर साल इस प्रतियोगिता का आयोजन करती है। प्रतियोगिता में नॉर्थ अमेरिका के प्रतिभागियों ने कुल 6 पुरस्कार जीते हैं। इनमें लॉस एंजेलिस की जेहा शर्मा ने वरिष्ठ श्रेणी में पहला पुरस्कार जीता है। संस्था के अध्यक्ष असद पठान ने बताया कि प्रतियोगिता में पुरस्कार हासिल करने से ज्यादा अहम इसमें शामिल होना है। उन्होंने कहा कि अगर बच्चे विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिता में हिस्सा लेते रहते हैं तो उन्हें एक न एक दिन इसका पुरस्कार अवश्य मिलता है। इससे उनका आत्मबल बढ़ता है और चुनौतियों का सामना करने के लिए वे सक्षम होते हैं।