Skip to content

सिंगापुर की अदालत ने बलात्कारी श्रीहरि की सजा कम तो की, लेकिन कितनी?

इस मामले में श्रीहरि के वकील एडमंड परेरा ने अदालत से उसके मुवक्किल की जेल की सजा 16 से घटाकर 14 साल करने की गुजारिश की थी। उसकी दलील थी कि सह आरोपियों की तुलना में श्रीहरि कम दोषी है और अन्य कारक भी सह आरोपी से कमतर हैं।

Photo by Grant Durr / Unsplash

सिंगापुर की शिखर अदालत ने बलात्कार के दोषी भारतीय मूल के एक व्यक्ति की सजा को कुछ कम कर दिया है। घटना छह साल पहले की है। श्रीहरि महेंद्रन (26) को हाईकोर्ट ने सुनवाई के बाद वर्ष 2020 में बलात्कार का दोषी माना था और उसे 17 साल 10 महीने की जेल और 14 बेंत रसीद करने की सजा सुनाई थी।

बुधवार को अदालत ने यह सजा घटाकर 16 साल छह महीने कर दी। हालांकि उसे बेंत मारने की सजा यथावत रही। चैनल न्यूज एशिया के अनुसार इस रहम के लिए अदालत ने उसके सह आरोपी के साथ समानता की आवश्यकता का हवाला दिया। समानता का आधार यह है कि अगर कुछ लोगों ने एक जैसे ही अपराध किए हैं तो सामान्य तौर पर उनकी सजा भी एक जैसी होनी चाहिए।

इस मामले में श्रीहरि के वकील एडमंड परेरा ने अदालत से उसके मुवक्किल की जेल की सजा 16 से घटाकर 14 साल करने की गुजारिश की थी। उसकी दलील थी कि सह आरोपियों की तुलना में श्रीहरि कम दोषी है और अन्य कारक भी सह आरोपी से कमतर हैं। श्रीहरि के अलावा बलात्कार के सह आरोपी को 19 साल 11 महीने की जेल और 19 बेंत रसीद करने की सजा सुनाई गई थी। सह आरोपी उस समय पीड़िता का ब्वॉयफ्रेंड था जबकि श्रीहरि अजनबी।

श्रीहरि और पीड़िता का मित्र एक पोर्न ब्लॉग पर ऑनलाइन मिले थे। यह साल 2015 की बात है। साल 2016 के अप्रैल औऱ अगस्त में पीड़िता की जानकारी के बगैर श्रीहरि उन दोनों होटलों में जा पहुंचा जहां वे दोनों थे। वहां उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया और उसके ब्वॉयफ्रेंड की मदद से उसकी यौन प्रताड़ना की। दूसरी बार महिला को संदेह हुआ और जैसे ही उसने अपनी आंखों की पट्टी हटाई तो देखा की श्रीहरि होटल के कमरे से बाहर जा रहा है। एक वीडियो रिकॉर्डिंग में भी श्रीहरि के खिलाफ सबूत पाए गए थे।

Comments

Latest