न्यूयॉर्क शहर और राज्य की प्रभावशाली शख्सियतों की एक सूची जारी की गई है। 'पावर ऑफ डायवर्सिटी: एशियन 100' नाम की इस सूची में कई भारतीय और दक्षिण एशियाई मूल के लोगों के नाम भी शामिल हैं। इसमें उन लोगों को जगह दी गई है, जो राजनीतिक शक्ति प्राप्त कर रहे हैं और अपने समुदायों के लिए खड़े हो रहे हैं।
इसमें न्यूयॉर्क सिटी के स्वास्थ्य आयुक्त अश्विन वसन, मुख्य जलवायु अधिकारी रोहित टी अग्रवाल, टैक्सी वर्कर्स अलायंस की कार्यकारी निदेशक भैरवी देसाई, उप मेयर (ऑपरेशंस) मीरा जोशी, सीनेटर जेरेमी कूनी व केविन थॉमस और असेंबली सदस्य जोहरान मामदानी और जेनिफर राजकुमार समेत कई भारतीय मूल के लोग हैं।
डॉ. अश्विन वैष्णव (41) फिजिशियन, शिक्षाविद और जनसेवक हैं। वह मार्च में शहर के स्वास्थ्य एवं मानसिक स्वच्छता विभाग के आयुक्त बने थे। वह कोलंबिया यूनिवर्सिटी के मेलमैन स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ में सहायक प्रोफेसर भी हैं। वह स्वास्थ्य को समर्पित एक गैर लाभकारी संगठन फाउंटेन हाउस के सीईओ और अध्यक्ष भी रहे हैं।
रोहित टी अग्रवाल को मेयर एरिक एडम्स ने जनवरी में मुख्य जलवायु अधिकारी और पर्यावरण सुरक्षा विभाग का आयुक्त नियुक्त किया था। वह गूगल की सब्सिडियरी साइडवॉक लैब्स की संस्थापक टीम का हिस्सा रहे थे। यह एक प्रौद्योगिकी स्टार्टअप है। रोहित जेकब्स टेक्नियॉन-कॉर्नेल इंस्टीट्यूट के सीनियर अर्बन टेक फेलो भी रह चुके हैं।
इस सूची में जगह बनाने वाली भैरवी देसाई न्यूयॉर्क टैक्सी वर्कर्स अलायंस की प्रमुख हैं, जो 25000 टैक्सी, कॉरपोरेट और एप आधारित चालकों का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने पिछले साल ड्राइवरों की भूख हड़ताल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। जिसके बाद टैक्सी चालकों की समस्याओं का समाधान करने के लिए कर्ज की योजना लाई गई थी।
न्यूयॉर्क शहर की पहली दक्षिण एशियाई मूल की उप मेयर (ऑपरेशंस) मीरा जोशी को भी इस सूची में स्थान दिया गया है। अपनी पिछली भूमिकाओं में वह फेडरल मोटर कैरियर सेफ्टी एडमिनिस्ट्रेशन की संघीय प्रशासक रह चुकी हैं और न्यूयॉर्क सिटी टैक्सी एंड लिमोजीन कमीशन की आयुक्त की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं।
राज्य की सीनेट में शामिल तीन एशियाई अमेरिकी लोगों में जेरेमी कूनी और केविन थॉमस भारतीय मूल के हैं, जिन्हें इस सूची में शामिल किया गया है। वहीं असेंबली के सदस्य जोहरान मामदानी और जेनिफर राजकुमार को भी इसमें जगह दी गई है। इसमें शामिल लोगों ने अपनी ताकत बढ़ाई है और समुदाय के हित में आवाज उठाई है।
शुभकामनाएं: न्यूयॉर्क के 'प्रभावी' एशियन में कई भारतवंशी भी हुए शामिल
इस सूची में जगह बनाने वाली भैरवी देसाई न्यूयॉर्क टैक्सी वर्कर्स अलायंस की प्रमुख हैं, जो 25000 टैक्सी, कॉरपोरेट और एप आधारित चालकों का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने पिछले साल ड्राइवरों की भूख हड़ताल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
