Skip to content

लो जी! न्यू जर्सी में भी उड़ गया गुलाल, होली गीतों पर जमकर किया गया नृत्य

होली समारोह सप्ताहांत पर तीन अप्रैल को न्यू जर्सी में रॉयल अल्बर्ट पैलेस में हुआ था। इस दौरान लोगों ने प्रसिद्ध होली गीतों पर जमकर नृत्य किया। महावाणिज्य दूत रणधीर जायसवाल ने उत्पादों 'बिहारिका' और झारक्राफ्ट' को बढ़ावा देने के प्रयासों के लिए संगठन BAJNA की सराहना की।

अमेरिका के न्यू जर्सी में बीते दिनों होली समारोह का आयोजन किया गया था। यहां के लोकप्रिय कम्युनिटी सेंटर में हुए इस कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में भारतीय-अमेरिकी शामिल हुए और उन्होंने होली का जश्न मनाया। कार्यक्रम में भारतीय राजनयिक और प्रख्यात सामुदायिक नेताओं ने भी शिरकत की थी।

समारोह का आयोजन बिहार एंड झारखंड एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (BAJNA) की ओर से किया गया था। यहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूत रणधीर जायसवाल ने 'मेड इन बिहार' उत्पादों 'बिहारिका' और 'मेड इन झारखंड' उत्पादों 'झारक्राफ्ट' को बढ़ावा देने के प्रयासों के लिए संगठन की सराहना की।

यह विशाल होली समारोह सप्ताहांत पर तीन अप्रैल को न्यू जर्सी में रॉयल अल्बर्ट पैलेस में हुआ था। इस दौरान लोगों ने प्रसिद्ध होली गीतों पर जमकर नृत्य किया और बिहार व झारखंड के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया। इस दौरान एसोसिएशन ने कई सामुदायिक सदस्यों को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित भी किया।

कार्यक्रम में डॉ. गोपाल सिन्हा को उनकी असाधारण उपलब्धियों और समुदाय के लिए कार्यों के लिए और डॉ. अविनाश गुप्ता व डॉ. गीता गुप्ता को कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के दौरान अमेरिका, बिहार और झारखंड में समुदाय को उल्लेखनीय सेवाएं प्रदान करने के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा डॉ. पंकज मोहन और श्रीपत पांडेय को भी उनके कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर एसोसिएशन को दोनों भारतीय राज्यों के मुख्यमंत्रियों और अन्य नेताओं ने विशेष संदेश भी भेजे थे। एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुराग ने बिहार व झारखंड में बनने वाले उत्पादों और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए न्यूयॉर्क में भारतीय वाणिज्य दूतावास के साथ की गई संगठन की विशेष भागीदारी का भी उल्लेख किया।

Comments

Latest