Santiago 2023 : जब अमेरिका-कनाडा के लिए धड़कने लगे भारतीयों के दिल!

(प्रभजोत सिंह)

यह सामान्य तो नहीं था लेकिन रोचक और मनोरम अवश्य था। 2023 पैन एम गेम्स के मेजबान शहर सैंटियागो में आए भारतीय मूल के खेल प्रेमियों की टोलियां शुक्रवार को हॉकी मुकाबले में विरोधी टीमों का जमकर समर्थन कर रही थीं। यह एक महत्वपूर्ण मुकाबला था क्योंकि इसका विजेता सेमीफाइनल में गत चैंपियन अर्जेंटीना से टकराने से बच जाना था।

अमेरिका एक जीत और एक हार के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गया।

कनाडा 2-1 से जीतकर तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया। पहले दिन त्रिनिदाद और टोबैगो पर 6-1 की शानदार जीत के बाद अमेरिका एक जीत और एक हार के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गया। ब्राजील ने त्रिनिदाद और टोबैगो पर 2-1 से रोमांचक जीत दर्ज की और गोल अंतर के कारण पूल में तीसरे स्थान पर रहा और त्रिनिदाद-टोबैगो बगैर किसी जीत के चौथे पर।

अमेरिका-कनाडा मुकाबले से पहले दोनों चिर प्रतिद्वंद्वी टीमों के समर्थक रोमांचक मैच की आस में खेल के मैदान पर पहुंचे। उत्साही खेल प्रेमियों में अमरिंदर सिंह ग्रेवाल और उनकी पत्नी राजविंदर कौर भी शामिल थे जो अपने किशोर बेटे महताब मनमोहन ग्रेवाल का खेल देखने के लिए लॉस एंजिलिस से आये थे। इंटरनेशनल बिजनेस के छात्र मेहताब ग्रेवाल नीदरलैंड के लीडेन में लीग खेलते हैं और एक होनहार स्ट्राइकर हैं।

अमरिंदर सिंह मूल रूप से लुधियाना (पंजाब, भारत) के फल्लेवाल गांव से ताल्लुक रखते हैं जबकि उनके पिता मनमोहन सिंह ग्रेवाल चंडीगढ़ पुलिस में सेवारत रहे। अमरिंदर कहते हैं कि मेरे पिता चंडीगढ़ पुलिस में शामिल होने से पहले 60 के दशक की शुरुआत में गवर्नमेंट कॉलेज, चंडीगढ़ के सर्वश्रेष्ठ एथलीट थे। मेहताब ने बचपन में ही हॉकी खेलना शुरू कर दिया था और पिछले दो सीजन से लीडेन डिवीजन-3 में खेल रहे हैं। इससे उन्हें काफी मदद मिली है।

अपने बच्चों का खेल देखने के लिए सैंटियागो आने वाले अमरिंदर और उनकी पत्नी अकेले नहीं थे। एक अन्य अमेरिकी खिलाड़ी परमीत पॉल सिंह के पिता भी अमेरिका-कनाडा मैच देखने के लिए मैदान में मौजूद थे। दर्शक दीर्घा में बलबीर सिंह पनेसर और उनकी पत्नी भी मौजूद थे। उनके बेटे बलराज पनेसर कनाडा के लिए खेलते हैं। कनाडा की जीत पर वह खुश थे।