न्यू साउथ वेल्स राज्य में हाल ही में हुए परिषदीय चुनावों के बाद लेबर काउंसिलर समीर पाण्डेय को पैरामैट्टा सिटी काउंसिल का उप मेयर चुना गया है। समीर ऑस्ट्रेलिया के किसी प्रमुख शहर के उप मेयर नियुक्त किए जाने वाले भारतीय मूल के पहले व्यक्ति बन गए हैं। इससे पहले भारतीय मूल के काउंसिलर छोटी परिषदों में उप मेयर का पद संभाल चुके हैं लेकिन पैरामैट्टा जैसी बड़ी परिषद के लिए ऐसा पहली बार हुआ है।
सूचना प्रौद्योगिकी (IT) पेशेवर समीर पाण्डेय मूल रूप से भारत के झारखंड राज्य के जमशेदपुर जिले के रहने वाले हैं। वह साल 1999 में कारोबारी वीजा पर ऑस्ट्रेलिया आए थे। यहां उन्होंने अपना व्यापार शुरू किया था। पाण्डेय सामुदायिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी करते आए हैं। उन्होंने कहा, मैं 15 साल पहले लेबर पार्टी से जुड़ा था। पहले 2017 में और फिर 2021 में मुझे काउंसिल के लिए चुनाव लड़ने का मौका मिला।