मैलोनी ने महात्मा गांधी को अमेरिका का सर्वोच्च सम्मान देने का प्रस्ताव पेश किया

न्यूयॉर्क से सांसद कैरोलिन बी मैलोनी ने महात्मा गांधी को मरणोपरांत प्रतिष्ठित 'कांग्रेसनल गोल्ड मेडल' देने के लिए अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ( US House of Representatives) में प्रस्ताव पेश किया है। उनका कहना है कि गांधी ने अहिंसा को बढ़ावा देकर राष्ट्र के विकास में योगदान दिया है, जिसके लिए उन्हें यह सम्मान मिलना चाहिए। प्रस्ताव में कहा गया है कि प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष और सीनेट के अस्थायी अध्यक्ष को कांग्रेस की ओर से महात्मा गांधी को यह सम्मान देने के लिए उचित कदम उठाने चाहिए।

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में इस संबंध में प्रस्ताव पेश करने के बाद कांग्रेस सदस्य कैरोलिन बी मैलोनी ने कहा, "महात्मा गांधी के ऐतिहासिक सत्याग्रह अहिंसक आंदोलन ने एक राष्ट्र और दुनिया को प्रेरित किया। उनका उदाहरण हमें दूसरों की सेवा के लिए खुद को समर्पित करने के लिए उत्साहित करता है। उनकी विरासत ने मार्टिन लूथर किंग जूनियर के नस्लीय समानता के आंदोलन से लेकर नेल्सन मंडेला की रंगभेद के खिलाफ लड़ाई तक, दुनिया भर में नागरिक अधिकार आंदोलनों को प्रेरित किया।"