मानव सेवा ही सच्ची सेवा, ठंड में ठिठुरते बेघरों को संगठन ने बांटे कंबल-कपड़े

सामुदायिक सेवाओं के वैश्विक संगठन ने अपना 10वां वार्षिक शीतकालीन अभियान पूरा कर लिया है। इस अभियान के तहत गरीब और बेघर लोगों को उनके दैनिक जीवन से जुड़ी जरूरत की चीजें दान की जाती हैं। इसी क्रम में वैश्विक संगठन ने सैनजोस के 300 बेघरों को सर्दी के लिए जरूरी सामान का वितरण किया।

शीतकालीन अभियान के बारे में राज भुटोरिया ने बताया कि गरीब और बेघरों को स्लीपिंग बैग, कंबल और गर्म कपड़े देना भलाई का काम है, लेकिन उससे भी बड़ी बात है बेघर समुदाय के लोगों के साथ प्रेम और करुणा भाव से मिलना ताकि वे खुद को समाज से जुड़ा हुआ महसूस कर सकें।  

संगठन की एक स्वयंसेवी विनीता भुटोरिया ने बताया कि हम सप्ताह में गर्म भोजन बांटते हैं। सर्दियों के कपड़े बांटते हैं। अन्य तरह से भी अभियान चलाते हैं और समाज के वंचित लोगों की सहायता करते हैं। विनीता ने बताया कि इस काम में बच्चों और युवाओं को भी शामिल किया जाता है ताकि वे जरूरत के वक्त अपने पड़ोसियों की मदद के महत्व को समझ सकें।

वैश्विक संगठन के इस शीतकालीन अभियान में सैकड़ों लोग और संगठन उदारता के साथ दान करते हैं, अपना समय देते हैं ताकि जन-सेवा की इस मुहिम को सफल बनाया जा सके। इस लिहाज से इस बार का अभियान भी सफल रहा। इसके लिए संगठन ने उन तमाम लोगों का शुक्रिया अदा किया जो मानव सेवा के इस काम में किसी भी रूप में शामिल हुए, खास तौर से बेघरों की मदद करके।

वैश्विक संगठन गरीब और बेघर लोगों को सामान देकर तो मदद करता ही है, उनके रोजगार का इंतजाम करने की कोशिश भी करता है। भुटोरिया ने बताया कि बेघर लोगों को भी एक समुदाय के तौर पर देखा जाना चाहिए और समर्थ लोगों को उनकी मदद के लिए आगे आना चाहिए। हम सब मिलकर ही समाज में बदलाव ला सकते हैं और अपने देश की इस समस्या को खत्म करने का माध्यम बन सकते हैं।