एक तरफ यूक्रेन और रूस जंग लड़ रहे हैं तो दूसरी ओर इन देशों के दो नागरिकों ने अपने प्यार को अंजाम तक पहुंचाया। जी हां, भारत के राज्य हिमाचल प्रदेश के पर्यटक स्थल और 1989 में नोबेल शांति पुरस्कार विजेता रहे दलाई लामा के लिए मशहूर धर्मशाला में यूक्रेनी लड़की ने अपने रूसी बॉयफ्रैंड के साथ शादी रचाई है। हो सकता है कि दोनों ने अपने देशों के प्रधान को शांति का संदेश देने की कोशिश की हो लेकिन उन्होंने जो किया है उसकी चर्चा होनी स्वाभाविक है।
दरअसल रूसी मूल के एक इजरायली नागरिक सर्गेई नोविकोव ने इस सप्ताह की शुरुआत में धर्मशाला में अपनी यूक्रेनी प्रेमिका एलोना ब्रामोका से शादी की है। वे दोनों दो साल से रिलेशनशिप में हैं और दोनों हिमाचल के तेल अवीव कहे जाने वाले धरमकोट गांव में करीब एक साल से रह रहे हैं। उन्होंने शादी मंगलवार यानी 2 अगस्त के दिन पारंपरिक हिंदू रीति रिवाजों के साथ खरोटा गांव के राधा कृष्ण मंदिर में की। शादी में स्थानीय मेहमान और जोड़े के दोस्त और परिवार के सदस्य शामिल हुए। शादी में लोक संगीत पर नृत्य करते हुए दूल्हे की बारात आई और मंत्रो उच्चारण के साथ शादी संपन्न की गई।