बाइडन प्रशासन में प्रमुख पदों पर पहुंचे रिकॉर्ड 130 से अधिक भारतीय-अमेरिकी

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने अब तक अपने प्रशासन में प्रमुख पदों पर 130 से अधिक भारतीय मूल के लोगों को नियुक्त किया है। प्रमुख प्रशासनिक पदों पर नियुक्ति के लिहाज से यह एक रिकॉर्ड है। इतनी बड़ी संख्या में भारतीय-अमेरिकी लोगों की नियुक्ति करके बाइडन ने अपने तमाम पूर्ववर्तियों का रिकॉर्ड भी तोड़ा है। यही नहीं इस तरह से बाइडन ने भारतीय समुदाय से किए गए अपने उस वायदे को भी पूरा किया है जो उन्होंने बतौर राष्ट्रपति उम्मीदवार 2020 में किया था।

शीर्ष पदों पर नियुक्तियों के लिहाज से अब तक नंबर एक पर बाइडन ही हैं। उनसे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने 80 से ज्यादा भारतीय अमरिकियों को ऊंचे ओहदों पर रखा था और उनसे पहले अपने आठ साल के कार्यकाल के दौरान बराक ओबामा ने 60 से अधिक भारतीय मूल के लोगों को शीर्ष पदों पर जगह दी थी। विभिन्न राज्यों और संघीय स्तर पर 40 से ज्यादा भारतीय अमेरिकी चुने जा चुके हैं जिनमें से 4 प्रतिनिधि सभा में हैं। यही नहीं अमेरिका की बड़ी कंपनियों में भी 20 से ज्यादा भारतीय अमेरिकियों का नेतृत्व है।