Skip to content

कान के रेड कार्पेट पर मामे खान की चहलकदमी, भारत के पहले लोक कलाकार बने

इस प्रतिष्ठित फिल्म फेस्टिवल में तमन्ना भाटिया, नयनतारा, पूजा हेगड़े, ऐश्वर्या राय बच्चन, दीपिका पादुकोण, एआर रहमान जैसे भारतीय फिल्म उद्योग के दिग्गज भी शामिल हो रहे हैं। इस साल कांस फिल्म फेस्टिवल में सबकी नजरें भारत पर रहने वाली हैं।

राजस्थानी गायक मामे खान ने कान फिल्म फेस्टिवल में रेड कार्पेट पर चहलकदमी करके इतिहास रच दिया। वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय लोक कलाकार हैं। मामे खान भारत के सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर की अगुवाई वाले भारतीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे। कांस 2022 के रेड कार्पेट पर अभिनेता आर माधवन, प्रसून जोशी, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, शेखर कपूर और अनुराग ठाकुर ने भी भारत का प्रतिनिधित्व किया।

मामे खान कई बॉलीवुड फिल्मों में भी प्लेबैक सिंगर रह चुके हैं। इनमें 'लक बाई चांस', 'आई एम', 'नो वन किल्ड जेसिका', 'मानसून मैंगोज', 'मिर्जिया' और 'सोनचिरैया' जैसी फिल्में शामिल हैं। मामे खान कोक स्टूडियो के एक एपिसोड में मशहूर कलाकार अमित त्रिवेदी के साथ भी अपनी आवाज का जादू बिखेर चुके हैं। कान फिल्म फेस्टिवल के रेड कार्पेट पर यह राजस्थानी लोक गायक मंगलवार को पारंपरिक राजस्थानी परिधान में नजर आया।

इस प्रतिष्ठित फिल्म फेस्टिवल में तमन्ना भाटिया, नयनतारा, पूजा हेगड़े, ऐश्वर्या राय बच्चन, दीपिका पादुकोण, एआर रहमान जैसे भारतीय फिल्म उद्योग के दिग्गज भी शामिल हो रहे हैं। इस साल कान फिल्म फेस्टिवल में सबकी नजरें भारत पर रहने वाली हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद एक पत्र लिख कर भारत को इस फेस्टिवल के लिए शुभकामनाएं दी हैं। अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को इस बार कान जूरी मेंबर के तौर पर शामिल किया गया है।

कान रेड कार्पेट पर इतिहास रचने वाले मामे खान को राजस्थान के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने भी बधाई दी है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि यह राजस्थान के लोक संगीत की समृद्ध परंपरा के लिए उल्लेखनीय उपलब्धि है। वहीं राज्यपाल कलराज मिश्र ने इसे लेकर कहा कि मामे खान इस प्रख्यात फिल्म फेस्टिवल में यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले भारतीय लोक कलाकार बने हैं। यह हमारे राज्य और पूरे देश के लिए बड़े गर्व की बात है।

Comments

Latest