दिल्ली में जी20 की बैठक के दौरान यूरोप में प्रवास पर रहेंगे राहुल गांधी

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता राहुल गांधी 3 सितंबर से 14 सितंबर तक यूरोप की यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान उनका यूरोपीय संघ के सांसदों से मुलाकात और पेरिस के एक विश्वविद्यालय में छात्रों को संबोधन का भी कार्यक्रम है। यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब भारत में जी-20 देशों के राष्ट्राध्यक्षों की अहम बैठक होने वाली है।

खबरों के अनुसार राहुल गांधी के दौरे की शुरुआत 3 सितंबर को होगी। 7 सितंबर को वह ब्रसेल्स में यूरोपीय सांसदों से मुलाकात करेंगे। 8-9 सितंबर को वह फ्रांस में रहेंगे। 8 सितंबर को दोपहर 3 बजे उनका पेरिस की यूनिवर्सिटी में छात्रों से संवाद का कार्यक्रम है। इसके बाद 9 सितंबर को वह फ्रांस के सांसदों से मुलाकात करेंगे।

जानकारी है कि राहुल गांधी इसके बाद 10 सितंबर को नार्वे जाएंगे और 11 सितंबर को नार्वे में भारतीय प्रवासियों से संवाद करेंगे। इसके बाद 14 सितंबर को उनकी भारत वापसी की योजना है। खबरों के मुताबिक राहुल ऑस्ट्रिया, इटली और हॉलैंड जैसे कुछ अन्य यूरोपीय देशों की यात्रा भी कर सकते शामिल हैं।

राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल होने के बाद उनका ये पहला विदेशी दौरा होगा। इस साल वह तीसरी बार विदेश यात्रा पर जा रहे हैं। इससे पहले राहुल गांधी मई के आखिरी सप्ताह में अमेरिका आए थे। इसके बाद वह लंदन गए थे। दोनों ही जगह उन्होंने मोदी सरकार पर निशाना साधा था।

राहुल गांधी ने हाल ही में लद्दाख का भी दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने लेह शहर से सुरम्य पैंगोंग झील तक बाइक चलाई थी। इस दौरान राहुल को केटीएम 390 ड्यूक बाइक पर देखा गया था।