अमेरिका की एक जिला अदालत ने टेक्सास के 20 साल के डेसमंड बबलू सिंह को 18 महीने जेल की सजा सुनाई है। इसके अलावा एक साल तक उन्हें घर में कैदी का जीवन जीना होगा। सजा की घोषणा अमेरिका के मैरीलैंड जिले के अटॉर्नी एरेक एल बैरोन और जांच में शामिल अन्य अधिकारियों ने की। अदालत में यह प्रमाणित हो गया कि 18 अप्रैल से 24 नवंबर 2020 तक डेसमंड ने पीड़िता का मानसिक तौर पर उत्पीड़न किया। कई सोशल मीडिया अकाउंट और ईमेल का इस्तेमाल करके महिला को बलात्कार और हत्या करने की धमकी दी।
अधिकारियों ने बताया कि 19 वर्षीय डेसमंड बबलू सिंह को 'साइबर स्टॉकिंग' के मामले में दोषी पाया गया है। महिला को 100 से अधिक विभिन्न सोशल मीडिया अकाउंट, फोन नंबर और विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक संचार साधनों का इस्तेमाल करते हुए परेशान करने वाले संदेश भेजे। संदेशों में मौत की धमकी, शारीरिक चोट, यौन हिंसा और नस्लीय गालियां शामिल हैं। डेसमंड द्वारा बनाए और उपयोग किए गए कई खातों में पीड़िता का नाम शामिल है।

फरवरी 2020 में डेसमंड ने पीड़िता को एक इंस्टाग्राम की स्टोरी भेजी जिसमें उसने उसके प्रति प्यार को इजहार किया। महिला डेसमंड की बड़ी बहन की पूर्व सहपाठी थी। महिला ने डेसमंड के प्रेम के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया और उससे कहा कि उसके साथ रिश्ते में दिलचस्पी नहीं है। मैरीलैंड की रहने वाली महिला ने डेसमंड से कहा कि वह उससे आगे संपर्क न करे।
इसके बाद डेसमंड ने अप्रैल से नवंबर 2020 तक महिला को परेशान करने वाले और भद्दे मैसेज भेजने के लिए 100 से अधिक विभिन्न सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक संचार और फोन खातों का इस्तेमाल किया। डेसमंड ने महिला की व्यक्तिगत जानकारियां कई बार सार्वजनिक कीं और अन्य लोगों को भी पीड़िता को परेशान करने के लिए प्रोत्साहित किया। डेसमंड ने न केवल इस महिला के साथ ही एक अन्य महिला को भी परेशान किया। दूसरी महिला को वह रोमांटिक प्रतिद्वंद्वी मानता था। डेसमंड ने दूसरी महिला की जानकारी भी सार्वजनिक रूप से पोस्ट की।
RM