Skip to content

पंजाब में कृषि, आईटी व शिक्षा क्षेत्र में निवेश करेगा UK, एलेक्स एलिस का वादा

पंजाब के शहर चंडीगढ़ से लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे के लिए सीधी उड़ान के मुद्दे को भी हरी झंडी दिखाते हुए सीएम मान ने कहा कि इससे उत्तरी राज्यों के यात्रियों और विशेष रूप से पंजाब के यात्रियों को सुविधा होगी। उन्होंने यह भी कहा कि वह पहले से यूके से बड़ी संख्या में संभावित निवेशकों के संपर्क में हैं।

भारत के सिख बहुल राज्य पंजाब में बनी आम आदमी पार्टी की नई सरकार के मुख्यमंत्री भगवंत मान और ब्रिटिश उच्चायुक्त एलेक्स एलिस के बीच कई क्षेत्रों में सहयोग को लेक​र सहमति बनी है। पंजाब सरकार और यूनाइटेड किंगडम ने कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी, खाद्य प्रसंस्करण, उच्च शिक्षा, खेल, सार्व​जनिक परिवहन (इलेक्ट्रिक बस) और बायोमास क्षेत्र में गठजोड़ करने का फैसला किया है।

यह फैसला पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और ब्रिटिश उच्चायुक्त एलेक्स एलिस के बीच हुई बैठक में लिया गया।

यह फैसला पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और ब्रिटिश उच्चायुक्त एलेक्स एलिस के बीच हुई बैठक में लिया गया। बैठक के दौरान इस बात पर सहमति बनी कि पंजाब और यूके के बीच सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब के लोग पहले ही इन क्षेत्रों में अपनी पहचान बना चुके हैं। यूके की हाई क्लास टेक्नोलॉजी इन क्षेत्रों में और अधिक क्षमता के साथ राज्य में विकास के लिए सहायक हो सकती हैं।

राज्य में ब्रिटिश निवेशकों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि राज्य सरकार सभी निवेशकों को एकल खिड़की ऑनलाइन सिस्टम देना सुनिश्चित करेगी। मान ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य में निवेशकों के लिए एक सुगम और परेशानी मुक्त तंत्र सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि वह पहले से ही यूके से बड़ी संख्या में संभावित निवेशकों के संपर्क में हैं।

पंजाब के शहर चंडीगढ़ से लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे के लिए सीधी उड़ान के मुद्दे को भी हरी झंडी दिखाते हुए मान ने कहा कि इससे उत्तरी राज्यों के यात्रियों और विशेष रूप से पंजाब के यात्रियों को सुविधा होगी। मान ने कहा कि इस सिलसिले में कई एयरलाइंस पहले से ही उनके संपर्क में हैं। ब्रिटिश उच्चायुक्त ने भी इस संबंध में सीएम को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

ब्रिटिश उच्चायुक्त एलेक्स एलिस ने ट्विटर पर पंजाबी भाषा का प्रयोग करते हुए लिखा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ उनकी मुलाकात अच्छी रही। दोनों ने चंडीगढ़ से यूके के बीच सीधी उड़ानों पर चर्चा करने से लेकर खेल, ट्रेड, निवेश के अवसरों और पंजाब—यूके के बीच दायरे को कम करने पर भी बातचीत की।

Comments

Latest