बैंकिंग से लेकर सोथबी तक कमाया नाम, कलाप्रेमी प्रियंका मैथ्यू का कैंसर से निधन

भारतीय-अमेरिकी कलाप्रेमी और सुंदरलैंड की प्रमुख साझीदार प्रियंका मैथ्यू की कैंसर से मौत हो गई। न्यूयॉर्क के कला गलियारों में प्रियंका मैथ्यू एक जाना-माना नाम थीं। कई साल बैंकिंग की दुनिया में रहने के बाद प्रियंका ललित कलाओं के संसार में आई थीं। प्रियंका के ट्विटर प्रोफाइल में उन्हें साउथ एशियन आर्ट डीलर, अर्जेंटीना की टैंगो डांसर, खाने-पीने की शौकीन, घुमंतू और एक खुशमिजाज पूर्व बैंकर बताया गया है।

प्रियंका की मृत्यु के बाद उनके चाहने वालों ने सोशल मीडिया के मंच पर उन्हें याद किया है। 

दक्षिण एशियाई कलाओं की सलाहकार संस्था सुंदरलैंड में काम करने से पहले प्रियंका न्यू यॉर्क में सोथबी के लिए काम करती थीं। वह 2010 में इस विश्व विख्यात नीलामी घर से जुड़ी थीं। महज दो साल के अंदर ही वह इसके 272 साल के इतिहास में दक्षिण एशिया की पहली नीलामीकर्ता के रूप में पहचान बनाने में कामयाब हो गईं। उन्होंने क्षेत्रीय निदेशक के रूप में सोथबी के भारत कार्यालय की स्थापना में भी मदद की। वह एक कुशल टैंगो डांसर थीं। बतौर डांसर उन्होंने दुनियाभर में कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया था।