27 प्रवासियों को सम्मानित कर राष्ट्रपति बोलीं, हमारे दिलों में भारतवंशियों की खास जगह

मध्‍य प्रदेश के इंदौर में 17वें प्रवासी भारतीय दिवस समारोह में भारत की राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को 27 भारतवंशियों को प्रवासी भारतीय सम्‍मान प्रदान किए। इस अवसर पर राष्‍ट्रपति ने कहा कि दुनिया में प्रवासी भारतीयों की महत्‍वपूर्ण भूमिका है। उन्‍होंने विश्‍वभर में कई कीर्तिमान स्‍थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीयों की हमारे दिलों में खास जगह है। वे न केवल हमारे विस्तारित परिवार के सदस्य हैं बल्कि उनका भारत की तरक्की में अहम योगदान रहा है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि काफी समय के बाद प्रत्यक्ष रूप से प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का आयोजन हुआ। यह एक अनोखा प्लेटफॉर्म है, जो भारत और प्रवासी समुदाय को जोड़ता है। इसमें दुनियाभर से जो हस्तियां आईं, उनका आभार। उन्होंने कहा कि देश इस समय आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। अमृत काल में भारत की प्रगति में प्रवासी भारतीयों की अहम भूमिका है। प्रवासी भारतीयों ने नवाचार के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। भारत सरकार प्रवासी भारतीयों के लिए नई नीतियां लेकर आई हैं। कई पहल की है। हम उन्हें राष्ट्र निर्माण से भी जोड़ रहे हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि जिन्हें भी प्रवासी भारतीय सम्मान मिला है, वह भविष्य में उन्हें और बेहतर करने के लिए प्रेरित करेगा।