केरल के कोट्टयम में पल्लिकाथोड के रहने वाले बेनी कोट्टराथिल (53) और उनकी पत्नी मॉली बेनी (46) हाल ही में पूरे भारत की पद यात्रा के अपने अभियान से वापस लौटे हैं। उनकी इस पद यात्रा की शुरुआत एक दिसंबर 2021 को कन्याकुमारी से हुई थी। उन्हें यह यात्रा पूरी करने में 216 दिन का समय लगा जो तीन जुलाई 2022 को पूरी हुई थी। इस साहसिक यात्रा के लिए उन्हें विशेष सम्मान मिला है।
उल्लेखनीय है कि यूनिवर्सल रिकॉर्ड्स फोरम ने बेनी और मॉली को भारत की पैदल यात्रा करने वाला पहला जोड़ा घोषित किया है। फोरम ने सात महीने और तीन दिन में 17 राज्यों की यात्रा करने के लिए दोनों को '2022 नेशनल रिकॉर्ड फॉर द फर्स्ट कपल दु वॉक अराउंड इंडिया' से सम्मानित किया है।

बेनी ने कहा कि हमने इस अभियान की शुरुआत टहलने की आदत को बढ़ावा देने और जिनकी कोई संतान नहीं है उन्हें यह संदेश देने के लिए की थी कि साथ टहलने से उनके जीवन में एक नई तरह की जागृति का आगमन हो सकता है। दोनों पति-पत्नी 15 साल से अधिक समय तक आंध्र प्रदेश में शिक्षक रहे थे लेकिन कोरोना वायरस महामारी के चलते उन्हें घर वापस लौटना पड़ा था। इसके बाद दोनों ने देश भ्रमण करने का फैसला लिया। हालांकि इस यात्रा में आने वाले खर्च पूरे करने करे लिए उन्हें अपने आभूषण गिरवी रखने पड़े और दोस्तों व परिजनों से पैसा भी उधार लेना पड़ा। इसके अलावा इस यात्रा के दौरान बेनी और मॉली को कई तरह की चुनौतियों का सामना भी करना पड़ा।
सफलतापूर्वक यह अभियान पूरा करने के बाद बेनी ने अपने अनुभवों को याद करते हुए बताया कि यात्रा के दौरान एक बार जब हम विल्लुपरम के एक मंदिर में रह रहे थे तब एक चोर रात दो बजे वहां चोरी करने आया था। लेकिन हमारे साथ एक कुत्ता था जिसने भौंककर चोर को भागने पर मजबूर कर दिया था। इसके अलावा इस अनोखे मिशन के दौरान एक घटना ऐसी भी रही जब दोनों बाल-बाल बचे थे। बेनी कहते हैं कि नियंत्रण खो चुकी तेज रफ्तार लॉरी हमारी ओर बढ़ रही थी। हमने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। यह वाकया तब हुआ था जब दोनों कश्मीर में बनिहाल पास के रास्ते पद यात्रा कर रहे थे।
मॉली और बेनी का 'Vicky's Wonder World' नाम से एक यूट्यूब चैनल है। विकी उनके पालतू कुत्ते का नाम है जो उन्हें उनके एक छात्र ने चेन्नई में उपहार में दिया था। उन्होंने अपना यह अभियान इस चैनल पर भी साझा किया है। इस पूरी यात्रा के दौरान दोनों से पंजाब का स्वर्ण मंदिर सबसे ज्यादा पसंद आया।