भारत की राजधानी नई दिल्ली से कनाडा में वैंकूवर जा रहे एयर इंडिया (Air India) के 300 से अधिक यात्रियों को लगभग 11 घंटे की देरी का सामना करना पड़ा। यह विलंब इसलिए हुआ क्योंकि विमान के उड़ान भरने के निर्धारित समय सुबह 5.15 बजे से पहले उसमें तकनीकी खामियां आ गई थीं। इसके बाद एयरलाइन ने एक अन्य बोइंग 777 विमान की व्यवस्था की, जिसने शाम चार बजे उड़ान भरी।
एक एयरपोर्ट अधिकारी के अनुसार फ्लाइट (AI185) के लिए बोर्डिंग की शुरुआत रविवार, दोपहर बाद 3.05 बजे हुई थी और विमान चार बजे उड़ान भर पाया था। निर्धारित समय से इसमें 11 घंटे की देरी हुई। इस दौरान यात्रा का समय बचाने के लिए विमान से सफर करने वाले यात्रियों का गुस्सा भी फूटा। उन्होंने एयरलाइन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उधर, एयर इंडिया ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है।