न्यू जर्सी के एडिसन में हुए मेयर चुनाव में भारतीय-अमेरिकी राजनेता समीप 'सैम' जोशी ने जीत हासिल की है। एडिसन टाउनशिप काउंसिल के उपाध्यक्ष और डेमोक्रेट जोशी ने रिपब्लिकन कीथ हान व निर्दलीय उम्मीदवार क्रिस्टो मैक्रोपाउलोस को उल्लेखनीय अंतर से हराया। यह उपलब्धि पाने वाले वह पहले भारतीय-अमेरिकी और पहले दक्षिण एशियाई व्यक्ति भी बन जाएंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार क्षेत्र में 100 फीसदी मतदान हुआ था। इनमें से जोशी के 10,930 वोट मिले। वहीं, हान को 9459 और क्रिस्टो को 301 वोट ही मिल पाए। जोशी अब डेमोक्रेट मेयर थॉमस लैंकी की जगह लेंगे। वह एक जनवरी को मेयर पद की शपथ ग्रहण करेंगे। एक जनवरी को पद की शपथ ग्रहण करते ही समीप जोशी (32) इस टाउनशिप में मेयर का पद संभालने वाले अब तक के सबसे कम उम्र के व्यक्ति बन जाएंगे। इसके साथ ही यह उपलब्धि पाने वाले वह पहले भारतीय-अमेरिकी और पहले दक्षिण एशियाई व्यक्ति भी बन जाएंगे।