NSW की यह मंत्री चाहती हैं कि ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच यात्रा जल्द शुरू हो

कोरोना महामारी के कारण दुनिया के तमाम देशों ने अपनी अंतरराष्ट्रीय सीमाएं बंद कर अन्य देशों से यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिए थे। वैक्सीनेशन की बढ़ती रफ्तार और कोरोना के मामलों में कमी आने पर अब धीरे-धीरे प्रतिबंधों में ढील दी जा रही है। पिछले दिनों ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने ऐलान किया था कि जल्द ही एक विशेष सिस्टम बनाकर अंतर्राष्ट्रीय सीमा खोली जाएंगी। इसके अलावा जल्द से जल्द अधिकतर आबादी को वैक्सीनेट किया जा रहा है, ताकि देश में सभी गतिविधियां शुरू की जा सकें।

नताली वार्ड ने कहा कि वह ऑस्ट्रेलियाई सरकार से भारत के साथ यात्रा शुरू करने का मुद्दा उठाएंगी। Photo by Pascal Meier / Unsplash

ऑस्ट्रेलिया ने तमाम देशों पर महामारी के कारण यात्रा प्रतिबंध लगा दिए थे, जिनमें भारत भी शामिल है। ऑस्ट्रेलिया में बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी रहते हैं, जो यात्रा प्रतिबंधों के कारण दोनों देशों के बीच यात्रा नहीं कर पा रहे। ऑस्ट्रेलियाई राज्य न्यू साउथ वेल्स (NSW) की मल्टीकल्चरलिज्म मंत्री नताली वार्ड (Natalie Ward) ने एक हालिया इंटरव्यू में कहा है कि वह सरकार से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वैक्सीन लगवा चुके लोगों को यात्रा शुरू करने की अनुमति को लेकर बात करेंगी।