कोरोना महामारी के कारण दुनिया के तमाम देशों ने अपनी अंतरराष्ट्रीय सीमाएं बंद कर अन्य देशों से यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिए थे। वैक्सीनेशन की बढ़ती रफ्तार और कोरोना के मामलों में कमी आने पर अब धीरे-धीरे प्रतिबंधों में ढील दी जा रही है। पिछले दिनों ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने ऐलान किया था कि जल्द ही एक विशेष सिस्टम बनाकर अंतर्राष्ट्रीय सीमा खोली जाएंगी। इसके अलावा जल्द से जल्द अधिकतर आबादी को वैक्सीनेट किया जा रहा है, ताकि देश में सभी गतिविधियां शुरू की जा सकें।
ऑस्ट्रेलिया ने तमाम देशों पर महामारी के कारण यात्रा प्रतिबंध लगा दिए थे, जिनमें भारत भी शामिल है। ऑस्ट्रेलिया में बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी रहते हैं, जो यात्रा प्रतिबंधों के कारण दोनों देशों के बीच यात्रा नहीं कर पा रहे। ऑस्ट्रेलियाई राज्य न्यू साउथ वेल्स (NSW) की मल्टीकल्चरलिज्म मंत्री नताली वार्ड (Natalie Ward) ने एक हालिया इंटरव्यू में कहा है कि वह सरकार से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वैक्सीन लगवा चुके लोगों को यात्रा शुरू करने की अनुमति को लेकर बात करेंगी।