Skip to content

NRI उद्योगपति लॉर्ड स्वराज पॉल की पत्नी अरुणा का ब्रिटेन में निधन

परिवार के एक करीबी सदस्य ने उसकी मौत की खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि वह जिंदादिल इंसान थीं और हमेशा अपने आसपास के लोगों को ऊपर उठाने और आगे बढ़ाने की कोशिश करती थीं।

ब्रिटेन में बसे प्रमुख एनआरआई उद्योगपति लॉर्ड स्वराज पॉल की पत्नी लेडी अरुणा पॉल का मंगलवार रात लंदन में उनके घर पर निधन हो गया। अरुणा पॉल की उम्र 86 वर्ष थी। परिवार के एक करीबी सदस्य ने उसकी मौत की खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि वह जिंदादिल इंसान थीं और हमेशा अपने आसपास के लोगों को ऊपर उठाने और आगे बढ़ाने की कोशिश करती थीं।

अरुणा पॉल के परिवार में उनके पति और तीन बच्चे-दो बेटे आकाश तथा अंबर और बेटी अंजलि हैं। स्वराज और अरुणा पॉल की शादी को 65 साल से अधिक हो चुके थे। दंपत्ति लंदन में भारतीय प्रवासियों के बीच में काफी परिचित थे। उन्होंने दिसंबर 2016 में अपनी शादी की डायमंड सालगिरह मनाई थी। उस वक्त महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने दंपत्ति को शादी की सालगिरह के मौके पर अपनी शुभकामनाएं भेजीं थीं।

बता दें कि 91 वर्षीय लॉर्ड पॉल यूके स्थित कैपारो ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के संस्थापक हैं। कैपारो ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज का कारोबार अमेरिका, भारत, कनाडा और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में फैला हुआ है। स्वराज पॉल भारतीय मूल के ब्रिटिश उद्योगपति, समाजसेवी और लेबर राजनीतिज्ञ हैं। 1996 में वे लेबर पार्टी के टिकट पर हाउस ऑफ लॉर्ड्स के सदस्य बने थे। दिसंबर 2008 में उन्हें हाउस ऑफ लॉर्ड्स का उपाध्यक्ष चुना गया था और अक्टूबर 2009 में उन्हें प्रिवी कौंसिल के लिए चुना गया।

लॉर्ड पॉल इंग्लैंड के भूतपूर्व प्रधानमंत्री गॉर्डोन ब्राउन और उनकी पत्नी सारा का करीबी माना जाता है। यूनाईटेड किंगडम संसदीय खर्चे घोटाले के संदर्भ में उन्हें 1 नवम्बर 2010 को हाउस ऑफ लॉर्ड्स के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देना पड़ा था। लार्ड स्वराज पॉल का जन्म 18 फरवरी 1931 में पंजाब के जालंधर शहर में हुआ था। उनकी प्रारंभिक शिक्षा लाहौर के फॉरमैन क्रिस्चियन कॉलेज से हुई जिसके बाद उन्होंने जालंधर के दोआबा कॉलेज से भी उच्च शिक्षा ली। इसके बाद वह अमेरिका चले गए जहां उन्होंने मैसाचुसेट्स प्रौद्योगिकी संस्थान से बीएससी, एमएससी और इंजीनियरिंग की पढ़ाई की।

Comments

Latest