प्रवासी सम्मेलन में आए NRI बिजनेसमैन मौत के कगार पर पहुंचे, 19 दिनों बाद बची जान

17वां भारतीय प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन भारत के इंदौर शहर में 8-10 जनवरी तक मनाया गया था। दुनिया भर से भारतीय समुदाय के लोगों ने आकर इसमें हिस्सा लिया। मॉरीशस से भी एक प्रवासी बिजनेसमैन इस सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए आए थे। लेकिन इंदौर आने के बाद उनकी जान पर बन आई। उन्हें 19 दिनों तक अस्पताल में रखना पड़ा। वेंटिलेटर पर भी रखा गया। तब जाकर उनकी जान बचाने में कामयाबी मिल पाई।

सांकेतिक तस्वीर (साभार सोशल मीडिया)

ये भारतीय प्रवासी थे जयंत दत्ता सदा सिंह। उनकी उम्र 71 साल है। वह मॉरीशस में रहते हैं। वह प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में शिरकत करने के लिए आए थे। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जयंत इंदौर के विजय नगर इलाके में एक होटल में ठहरे थे। 8 जनवरी की रात अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। उन्हें पास के ही भंडारी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। दरअसल शुगर, हाइपरटेंशन, दिल की बीमारी के अलावा ब्रेन में खून का थक्का जमने से उनकी हालत नाजुक हो गई थी।