Skip to content

निशा देसाई बिस्वाल को राष्ट्रपति बाइडेन दे सकते हैं DFC में ये अहम जिम्मेदारी

निशा देसाई वर्तमान में यूएस चैंबर ऑफ कॉमर्स में अंतरराष्ट्रीय रणनीति और वैश्विक पहल की वरिष्ठ उपाध्यक्ष हैं। वह 2013 से 2017 तक अमेरिकी विदेश विभाग में दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों की सहायक मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।

निशा देसाई बिस्वाल

एक और भारतवंशी महिला अमेरिका में अपनी काबिलियत का परचम लहराया है। भारतीय-अमेरिकी नीति विशेषज्ञ निशा देसाई बिस्वाल को अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अंतरराष्ट्रीय विकास वित्त निगम (DFC) की उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद के लिए नामित करने की इच्छा जताई है। व्हाइट हाउस की तरफ से यह जानकारी दी गई। अपने नामांकन पर निशा ने आभार व्यक्त किया है।

अमेरिकी वित्त एजेंसी DFC निजी क्षेत्र की अगुआई वाली विकास परियोजनाओं को व्यवहार्यता अध्ययन और तकनीकी सहायता के लिए ऋण, ऋण गारंटी, प्रत्यक्ष इक्विटी निवेश और राजनीतिक जोखिम बीमा आदि प्रदान करती है। DFC महिला सशक्तिकरण, नवाचार, पश्चिम अफ्रीका और पश्चिमी गोलार्ध में निवेश के साथ ही जलवायु परिवर्तन की घोषित प्राथमिकताओं के साथ ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे और प्रौद्योगिकी सहित कई क्षेत्रों में निवेश करती है।

व्हाइट हाउस की तरफ से कहा गया कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन भारतीय-अमेरिकी निशा देसाई बिस्वाल को यूएस इंटरनेशनल डेवलपमेंट फाइनेंस कॉरपोरेशन में एक शीर्ष प्रशासनिक पद पर नामित करना चाहते हैं। राष्ट्रपति ने इस पद के लिए निशा के अलावा छह अन्य लोगों को भी छांटा है। निशा वर्तमान में यूएस चैंबर ऑफ कॉमर्स में अंतरराष्ट्रीय रणनीति और वैश्विक पहल की वरिष्ठ उपाध्यक्ष हैं।

निशा देसाई 2013 से 2017 तक अमेरिकी विदेश विभाग में दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों की सहायक मंत्री के रूप में सेवाएं दे चुकी हैं। उस समय उन्होंने अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी की कमान संभाली थी और वार्षिक यूएस-इंडिया सामरिक और वाणिज्यिक वार्ता की शुरुआत कराई थी। उन्होंने सहायक मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान मध्य एशिया और अमेरिका-बांग्लादेश साझेदारी वार्ता के साथ सी5+1 संवाद की भी शुरुआत की।

इससे पहले निशा बिस्वाल यूएस एजेंसी फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट (USAID) में एशिया की सहायक प्रशासक थीं। इस दौरान उनका काम पूरे दक्षिण, मध्य और दक्षिणपूर्व एशिया में USAID के कार्यक्रमों और संचालनों का निर्देशन और पर्यवेक्षण करना था। बिस्वाल ने कैपिटल हिल में भी एक दशक से अधिक समय तक सेवाएं दी हैं।

Comments

Latest