प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता मिस इंडिया 2022 (Miss India 2022) के विजेता का एलान तीन जुलाई को कर दिया गया। इस साल इस प्रतियोगिता का ताज कर्नाटक की 21 वर्षीय सिनी शेट्टी के सिर पर सजा है। मिस इंडिया 2020 मनसा वाराणसी ने रविवार की शाम को मुंबई में स्थित जियो कन्वेंशन सेंटर में हुए एक कार्यक्रम में शेट्टी को ताज पहनाया।

सिनी शेट्टी इस समय चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट (CFA) में एक कोर्स कर रही हैं। अब वह 71वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। प्रतियोगिता के अन्य विजेताओं में राजस्थान की रूबल शेखावत मिस इंडिया 2022 फर्स्ट रनर-अप रहीं। वहीं उत्तर प्रदेश की रहने वाली शिनता चौहान को मिस इंडिया 2022 सेकंड रनर-अप का खिताब मिला।
मिस इंडिया पेजेंट 2022 के फिनाले में कई शख्सियतों ने शिरकत की थी। वहां बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सैनन और लॉरेन गॉटलिब ने परफॉर्मेंस दी। वहीं मनीष पॉल ने कार्यक्रम को होस्ट किया। ज्यूरी पैनल में नेहा धूपिया, डिनो मोरिया और मलाइका अरोड़ा शामिल थीं। क्रिकेटर मिताली राज, राहुल खन्ना, रोहित गांधी और शियामक दावर भी पैनल में मौजूद थे।

इसमें नेहा धूपिया मेंटर, रोहित व राहुल डिजाइनर, शियामक कोरियोग्राफर, मलाइका अरोड़ा अभिनेत्री, मिताली राज क्रिकेटर और डिनो मोरिया को अभिनेता के तौर पर शामिल किया गया था। मिस इंडिया ग्रैंड फिनाले का 17 जून को टीवी पर प्रसारण किया जाएगा।
'मिस इंडिया' या 'फेमिना मिस इंडिया' एक राष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता है। वार्षिक रूप से होने वाली इस प्रतियोगिता में 'मिस वर्ल्ड' प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रतिभागी चुना जाता है। मिस वर्ल्ड चार प्रमुख अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिताओं में से एक है। इसका आयोजन टाइम्स ग्रुप की पत्रिका फेमिना (Femina) की ओर से किया जाता है।