न्यूयॉर्क शहर के निर्वाचित मेयर एरिक एडम्स ने भारतीय-अमेरिकी मीरा जोशी को अपने उप मेयर के रूप में चुना है। जोशी के चयन को भारतीय-अमेरिकी समुदाय के साथ-साथ दुनिया के सबसे बड़े महानगरीय क्षेत्र के लिए एक और ऐतिहासिक मील का पत्थर माना जा रहा है।
इससे पहले पांच साल तक शहर के टैक्सी एवं लिमोजीन आयोग के अध्यक्ष के तौर पर सेवाएं दे रहीं जोशी उन पांच महिला उप मेयर में से एक होंगी जिनके नामों की एडम्स ने 20 दिसंबर को घोषणा की। जानकारी के अनुसार वह अपनी नई जिम्मेदारी जनवरी अंत में संभाल लेंगी। अपनी इस नियुक्ति को लेकर मीरा जोशी ने कहा कि मैं निर्वाचित मेयर एरिक एडम्स और सभी न्यूयॉर्क वासियों के लिए काम करने के लिए तैयार हूं और बहुत सम्मानित महसूस कर रही हूं। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य स्पष्ट है। हमें हर समुदाय की जरूरतों पर समय से काम करना है।