यूनाइटेड किंगडम की बायोमेडिकल छात्रा खुशी पटेल को मिस इंडिया वर्ल्डवाइड 2022 का विजेता घोषित किया गया है। यह भारत के बाहर सबसे लंबे समय तक चलने वाली भारतीय प्रतियोगिता है। इस प्रतियोगिता में अमेरिका की वैदेही डोंगरे को फर्स्ट रनर अप घोषित किया गया जबकि श्रुतिका माने को सेकेंड रनर अप घोषित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन अमेरिका में किया गया था।
बता दें कि इस प्रतियोगिता में शीर्ष 12 में रहीं प्रतियोगी विश्व स्तर पर विभिन्न अन्य प्रतियोगिताओं की विजेता थीं। बायोमेडिकल साइंस में मेजर और साइकोलॉजी में माइनर कर रही हैं खुशी पटेल बताती हैं कि वह मिस इंडिया वर्ल्डवाइड 2022 प्रतियोगिता जीतकर खुश हैं। खुशी बताती हैं कि अगले एक साल में वह बहुत सारे चैरिटी कार्यक्रम करने और गरीब देशों की मदद करने की योजना बना रही हैं। खुशी एक मॉडल होने के साथ-साथ कपड़ों के स्टोर की भी मालकिन हैं। खुशी मूल रूप से गुजरात की रहने वाली हैं।

पिछले 29 सालों से इस इवेंट को आयोजित कर रही इंडिया फेस्टिवल कमेटी (IFC) के अनुसार गुयाना की रोशनी रजाक को मिस टीन इंडिया वर्ल्डवाइड 2022 घोषित किया गया है। इंडिया फेस्टिवल कमेटी (IFC) के अनुसार यूएस की नव्या पिंगोल फर्स्ट रनर अप रही जबकि सूरीनाम की चिक्विता मलाहा सेकेंड रनर अप रही।
जानकारी के लिए बता दें कि इस साल का पेजेंट तीन साल के अंतराल के बाद आयोजित किया गया था। आखिरी बार सितंबर 2019 में मुंबई के लीला होटल में यह आयोजित किया गया था। आईएफसी के अध्यक्ष धर्मात्मा सरन ने कहा कि महामारी ने हमारे सोचने और जीने के तरीके को बदल दिया है।